रामपुर। चैत्र नवरात्र के आठवें दिन मंगलवार को श्रद्धालुओं ने मां महागौरी की पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने सौभाग्य, धन-संपदा का वर मांगा। साथ ही विवाहिताओं ने अखंड सुहाग का वर मांगा। श्रद्धालुओं ने घरों में पूजन के बाद मंदिरों में पूजा की। कई श्रद्धालुओं ने अष्टमी पूजन कर कन्या-बरुआ जिमाए और नवरात्र व्रत पूर्ण किए।
श्रद्धालुुओं ने घर पर ही श्री दुर्गा नवरात्र व्रत कथा, श्री दुर्गा चालीसा और आरती का पाठ कर अज्ञारी पूजन किया। इस दौरान कई श्रद्धालुओं ने कीलक, कवच और अर्गला स्तोत्र के साथ ही श्री दुर्गा शतनाम स्तोत्र और श्री सिद्ध कुंजिका स्तोत्र का पाठ भी किया। श्रद्धालुओं ने मां की मृर्ति-फोटो के समक्ष ज्योति प्रज्ज्वलित की और मां की अज्ञारी में घी, हवन सामग्री, लौंग, कपूर, धूप, मेवे आदि अर्पित कर पूजन किया। दोपहर में घरों में महिलाओं ने माता के छंद गए और कीर्तन किया गया। नगर के श्री त्रिपुरेश्वरी शक्तिपीठ, श्री मनोकामना मंदिर, प्राचीन श्री दुर्गा मंदिर, श्री नर्मदेश्वर महादेव मंदिर, श्री हरि मंदिर, माई का थान, महालक्ष्मी मंदिर समेत शहर के सभी मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजा की।