Rampur By-Election: नकवी ने 'खिचड़ी पंचायत' को किया संबोधित, बोले- पावर का सुरूर वक्त के साथ हो जाता चकनाचूर
मुख्तार अब्बास नकवी ने रविवार को रामपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर ग्राम नौगांवा में आयोजित खिचड़ी पंचायत को संबोधित किया। अपने संबोधन के बाद उन्होंने आमलोगों के साथ बैठक कर खिचड़ी भी खाई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि दकियानूसी सियासत और दिवालिया विरासत अब डायलिसिस पर है। अहंकार, अराजकता ही आफत का कारण बनता है, हमें बदले की सनक से नहीं बल्कि बेहतरी की सोच के साथ काम करना चाहिए। बिना किसी का नाम लिए उन्होंने कहा कि पद का गुरूर, पावर का सुरूर वक्त के साथ हमेशा चकनाचूर हो जाता है, हमारा लक्ष्य समाज की समृद्धि, सुरक्षा और सम्मान होना चाहिए।
नकवी रविवार को रामपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर ग्राम नौगांवा में आयोजित खिचड़ी पंचायत को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मोदी-योगी युग में सियासत, खानदानी जमींदारी नहीं, खिदमत की रवादारी बन गई है। इस क्रांतिकारी परिवर्तन से सत्ता और सियासत को खानदानी जागीर समझने वालों में बौखलाहट साफ दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से सियासत की संस्कृति में लाए गए सकारात्मक परिवर्तन का नतीजा है कि अब नेता की पहचान परिवार के पालने से नहीं बल्कि पराक्रम और परिश्रम से बनती है। सम्मान के साथ सशक्तीकरण, बिना भेदभाव के विकास के संकल्प के साथ मोदी-योगी ने रिफॉर्म, परफॉर्म, ट्रांसफॉर्म” की नीति के जरिए समाज के हर तबके को तरक्की का बराबर का हिस्सेदार-भागीदार बनाया है।
उन्होंने आगे कहा कि मोदी-योगी की सरकार गांव, गरीब, किसान, नौजवान, महिलाओं के हितों को समर्पित सरकार है। आज समाज के हर तबके में विकास और विश्वास का माहौल बना है।नकवी ने कहा कि मोदी और योगी के परिश्रम के परिणाम और तपस्या की ताकत को पिटे पॉलिटिकल प्राणी न कमजोर कर सकते हैं और न ही परास्त। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में विपक्षी पार्टियां बिना जमीन के जमींदारी और बिना जन समर्थन के जागीरदारी के लिए जद्दोजहद कर रही हैं।
अपने संबोधन के बाद उन्होंने आमलोगों के साथ बैठक कर खिचड़ी भी खाई। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, जिला पंचायत अध्यक्ष ख्यालीराम लोधी, चेयरमैन सूर्य प्रकाश पाल, भाजपा जिलाध्यक्ष अभय गुप्ता, कपिल आर्य, ज्वाला प्रसाद गंगवार, जागेश्वर दीक्षित, ग्राम प्रधान इरशाद कुरैशी, बाबू राम सैनी, राकेश सैनी, जगपाल यादव, महा सिंह राजपूत, रियासत अली, खलील अहमद और सतनाम सिंह उपस्थित रहे।