रामपुर। भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने प्रदेश के वित्तमंत्री सुरेश खन्ना से मुलाकात की। इस मौके पर वित्तमंत्री ने कहा कि रामपुर के विकास में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। सरकार रामपुर के उत्थान और नागरिकों के कल्याण के लिए भरपूर धन उपलब्ध कराएगी। सिर्फ विधायक को रामपुर के विकास पर ध्यान केंद्रीत करना है।
आकाश ने बृहस्पतिवार को लखनऊ में वित्तमंत्री सुरेश खन्ना से मुलाकात की। इस दौरान वित्तमंत्री ने आकाश सक्सेना के विधायक चुने जाने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रामपुर की आवश्यकताओं और ढांचागत विकास में आने वाली वित्तीय जरूरतों के बारे में बात की। जिस पर वित्तमंत्री ने भरोसा दिया कि हमने रामपुर में काफी समय गुजारा है। हमें पता है कि रामपुर में क्या-क्या समस्याएं हैं। विधायक की मंशा के अनुरूप रामपुर को फिर से औद्योगिक नगरी बनाया जाएगा। इसके लिए जो भी सरकार के स्तर पर करना होगा, वह किया जाएगा। लेकिन, रामपुर के युवाओं के हाथों में रिक्शाओं के स्थान पर रोजगार दिया जाएगा। इसके लिए किसी भी तरह से पैसे की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने विधायक द्वारा रखी गईं व्यापारियों की समस्याओं को भी दूर कराने का आश्वासन दिया। कहा कि व्यापारियों के लिए ऐसा माहौल पैदा किया जाएगा, जिससे व्यापारी आसानी से व्यापार कर सकें।वित्तमंत्री ने खुद कहा कि वह खुद आकर रामपुर की जनता का आभार जताएंगे।