सैदनगर (रामपुर)। बगरौआ गांव में शत्रु संपत्ति पर कब्जा कर उगाई जा रही फसल को काटने पहुंची राजस्व विभाग की टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। टीम को ग्रामीणों ने दौड़ा लिया। बाद में सूचना पाकर पहुंची पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने विरोध कर रहे लोगों को दौड़ा लिया और फिर तीन लोगों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की सख्ती के बाद अब इस जमीन को कब्जा लेने की तैयारी शुरु कर दी है। गेहूं की कटाई कर गेहूं को सरकारी कब्जे में ले लिया जाएगा।
क्षेत्र के बगरौआ गांव में करीब सौ बीघा जमीन शत्रु संपत्ति की है। इस जमीन पर करीब एक दर्जन से ज्यादा किसानों ने अवैध कब्जा कर लिया है। ये किसान इस जमीन पर गेहूं की फसल उगा रहे हैं। दूसरे गांव के लोगों का भी कब्जा इस जमीन पर है। इन लोगों ने यह जमीन बटाई पर दे रखी है। इस जमीन को कब्जा मुक्त कराने के लिए राजस्व विभाग की टीम काफी समय से सक्रिय है। राजस्व विभाग की टीम सोमवार को दोपहर के वक्त मौके पर पहुंची, जिस पर तमाम लोग महिलाओं के साथ आ गए। फसल काटने के लिए कंबाइन भी पहुंच गई थी। कंबाइन देखकर ग्रामीण भड़क गए और टीम को घेर लिया। टीम को उस वक्त तो वापस आना पड़ा, लेकिन जब उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी मिली, तो तहसीलदार सदर प्रमोद कुमार मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए और हंगामा कर रहे लोगों को दौड़ा लिया। इस दौरान पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। देर शाम तक यहां पर हंगामा कटा हुआ था। पुलिस भी मौके पर मौजूद थी।