जाैहर विवि पर शिकंजा: सपा ने अपने ही पूर्व MP एसटी हसन के बयान पर उठाए सवाल, कहा- अखिलेश से करेंगे शिकायत
सपा नगर अध्यक्ष आसिम राजा ने डॉ. एसटी हसन के जौहर यूनिवर्सिटी को सरकार के अधीन करने संबंधी बयान का विरोध करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय यूजीसी से मान्यता प्राप्त निजी संस्थान है। उन्होंने इसे सपा की आधिकारिक राय मानने से इनकार किया और कहा कि इस मामले की शिकायत पार्टी नेतृत्व से की जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जौहर यूनिवर्सिटी के मामले में सपा नेता एवं मुरादाबाद के पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन के बयान पर समाजवादी पार्टी की रामपुर इकाई ने आपत्ति जताई है। सपा नगर अध्यक्ष आसिम राजा ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी यूजीसी से मान्यता प्राप्त निजी विश्वविद्यालय है और इसे सरकार द्वारा अधिगृहीत किए जाने की मांग पूरी तरह गलत है।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में वह पार्टी प्रमुख से भी शिकायत करेंगे। उन्होंने आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह के बयान पर भी आपत्ति जताई। रविवार को जिला कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान आसिम राजा ने यूनिवर्सिटी को समझौते के आधार पर सरकार द्वारा टेकओवर करने के सुझावों को गलत बताते हुए ऐसे बयान वापस लेने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग विश्वविद्यालय को सरकार या किसी अन्य संस्था को सौंपने की बात कर रहे हैं, जबकि जौहर यूनिवर्सिटी भारतीय संविधान और कानून के तहत स्थापित एक निजी शिक्षण संस्थान है। इसे सरकार द्वारा चलाने या अधिगृहीत करने की बातें पूरी तरह निराधार हैं।
उन्होंने डॉ. एसटी हसन के उस बयान पर भी कड़ी आपत्ति जताई, जिसमें विश्वविद्यालय को राज्यपाल के अधीन चलाने का सुझाव दिया गया था। आसिम राजा ने कहा कि यदि यह उनकी व्यक्तिगत राय है तो अलग बात है, लेकिन यह समाजवादी पार्टी की आधिकारिक नीति नहीं है।
उन्होंने डॉ. हसन से बयान वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि इसकी शिकायत पार्टी प्रमुख से भी की जाएगी। आसिम राजा ने प्रशासन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यूनिवर्सिटी यूजीसी से मान्यता प्राप्त और पूरी तरह वैध है। यहां काउंसलिंग कैंप लगाना और पुलिस तैनात करना गलत था। उनका दावा है कि प्रशासन को अपनी गलती का अहसास हुआ और कैंप हटा लिया गया।
यूनिवर्सिटी के समर्थन में कांग्रेस ने संगठनात्मक बैठक में बनाई रणनीति
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग की संगठनात्मक बैठक में जौहर विश्वविद्यालय के संरक्षण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। शहर के एक होटल में आयोजित बैठक में संगठन को मजबूत करने के साथ शिक्षा संस्थानों की सुरक्षा और उनके निर्बाध संचालन पर जोर दिया गया।
मंडल प्रभारी मुशीर तरीन ने कहा कि जौहर विश्वविद्यालय को बचाने के लिए सभी को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए। प्रदेश महासचिव नासिर चौधरी ने बताया कि 27 जुलाई को नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित आंदोलन में रामपुर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।
एआईसीसी सदस्य मुतिउर्रहमान खां बब्लू ने शिक्षा संस्थानों को सुरक्षित रखने की आवश्यकता पर बल दिया। प्रदेश महासचिव एवं अधिवक्ता मुईन पठान ने कहा कि विश्वविद्यालय के संरक्षण के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
बैठक में जिलाध्यक्ष निक्कू पंडित, शहर कांग्रेस अध्यक्ष बाकर अली खां और युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव अर्सलान खां ने संगठन विस्तार तथा युवाओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस दौरान शरीब अली खां, जैदान खां, वारिस मियां, तारिक हसन खां, अकबर अली खां, फहीम पहलवान, आमिर कुरैशी और हैदर खां सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जौहर प्रकरण में समान कानून लागू करने की मांग : अमिताभ ठाकुर
आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर ने मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय प्रकरण में प्रस्तावित कार्रवाई को लेकर जिलाधिकारी और रामपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष को पत्र भेजा है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी निर्माण में विधिक अनियमितता है तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन यही मानदंड प्रदेश के अन्य समान मामलों में भी समान रूप से लागू किए जाएं। उन्होंने वर्षों से चली आ रही कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग की।
उन्होंने कहा कि किसी भी ध्वस्तीकरण की स्थिति में विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और अन्य हितधारकों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए तथा पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष हो। इस संबंध में उन्होंने मुख्य सचिव और अपर मुख्य सचिव को भी पत्र की प्रति भेजी है।
यूनिवर्सिटी से भेदभाव न हो : मुईन पठान
उत्तर प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव एवं वरिष्ठ अधिवक्ता मुईन पठान ने जौहर यूनिवर्सिटी के संबंध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान के साथ राजनीतिक द्वेष या भेदभावपूर्ण व्यवहार नहीं होना चाहिए और जौहर यूनिवर्सिटी को शिक्षा के केंद्र के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने 38 भवनों को ध्वस्त किए जाने के आदेश पर आपत्ति जताई।
शासन से फैसले पर पुनर्विचार की मांग
जौहर विश्वविद्यालय के 38 भवनों को ध्वस्त किए जाने के आदेश के विरोध में साहित्यकारों ने भी आवाज उठाई है। आल इंडिया रिसर्च स्कॉलर एसोसिएशन से जुड़े साहित्यकार एवं शोधार्थी मजहर रामपुरी ने शासन से फैसले पर पुनर्विचार की मांग की।
उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थान किसी व्यक्ति, जाति या समुदाय के नहीं, बल्कि पूरे समाज की धरोहर होते हैं। इसलिए शासन ऐसा संतुलित निर्णय ले, जिससे विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियां निर्बाध चलती रहें और छात्रों के हित पूरी तरह सुरक्षित रहें। निवर्सिटी के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण आदेश पर रोक लगाने की मांग करेंगे।
जौहर यूनिवर्सिटी के समर्थन में रामपुर पहुंचे गोरखपुर के डॉ. संपूर्णानंद मल्ल
पूर्वांचल के गांधी के नाम से चर्चित गोरखपुर निवासी डॉ. संपूर्णानंद मल्ल ने रविवार को रामपुर पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। उन्होंने मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर रोक लगाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि जौहर यूनिवर्सिटी गरीब और जरूरतमंद छात्रों को शिक्षा उपलब्ध करा रही है। यदि किसी प्रकार का भूमि विवाद है तो उसका समाधान कानून के अनुसार किया जाए।
यदि किसी की भूमि अधिग्रहित हुई है तो उसे उचित मुआवजा अथवा वैकल्पिक व्यवस्था दी जाए, लेकिन पूरे विश्वविद्यालय को ध्वस्त करने जैसा कदम उचित नहीं है। ज्ञापन की प्रतिलिपि इलाहाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को भी भेजी गई है, जिसमें मामले में हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की मांग की गई है।
भाजपा के शानू भी करेंगे ध्वस्तीकरण रोकने की मांग
कभी आजम खां के करीबी रहे वर्तमान में भाजपा नेता फसाहत अली खान शानू सोमवार को मुरादाबाद जाकर मंडलायुक्त को ज्ञापन देकर जौहर यूनिवर्सिटी के 38 भवनों के ध्वस्तीकरण आदेश पर रोक लगाने की मांग करेंगे।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.