दढ़ियाल। कस्बे की साप्ताहिक बाजार की सड़क पर नालियां चोक होने से पिछले कई दिनों से पानी भरा है। सफाई के अभाव में सड़क पर जलभराव दुकानदारों, वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है।
कस्बे को नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत बनने के बाद नियुक्त ईओ कन्हैया सिंह आते ही नहीं हैं और विकास और अन्य कार्य ठप पड़े हुए हैं। नगर पंचायत बनने के बाद सफाई व्यवस्था पहले से भी खराब हो गई है। कस्बे की साप्ताहिक बाजार के दुकानदारों और मार्ग से गुजरने वाले लोगों को लंबे समय से नालियों की सफाई न होने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदार नजाकत अली, अशोक वर्मा, नाजिम फारूकी, दीपक रस्तोगी, आरिफ अंसारी, इमरान अंसारी, अजीम फारूकी आदि का कहना है कि पिछले कई दिनों से नालियों की सफाई न होने से सड़क पर गंदा पानी भरा हुआ है। जिससे आने जाने में लोगों को असुविधा हो रही है। नालियों में गंदगी भरी है सड़क पर भरे पानी से उठने वाली दुर्गंध से दुकानों पर बैठना दूभर हो गया है। ग्राहक भी दुकानों पर आने से कतरा रहे हैं। ईओ से वैकल्पिक व्यवस्था कर नालियों की सफाई कराने को कहा था लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से पानी निकासी की समुचित व्यवस्था किए जाने की मांग की है।