{"_id":"65d1a6242a6e7f1d2f0f6ba8","slug":"constable-recruitment-where-akbar-tomb-rampur-also-mentioned-options-papers-held-under-strict-surveillance-2024-02-18","type":"story","status":"publish","title_hn":"सिपाही भर्ती परीक्षा: अकबर का मकबरा कहां है... विकल्प में रामपुर का भी जिक्र, कड़ी निगरानी में हुए पेपर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सिपाही भर्ती परीक्षा: अकबर का मकबरा कहां है... विकल्प में रामपुर का भी जिक्र, कड़ी निगरानी में हुए पेपर
Sun, 18 Feb 2024 12:09 PM IST
विमल शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, रामपुर
अमर उजाला नेटवर्क, रामपुर
Published by: विमल शर्मा
Updated Sun, 18 Feb 2024 12:09 PM IST
सार
रामपुर में सिपाही भर्ती परीक्षा कड़ी निगरानी के बीच हुई। जिले में 11 केंद्रों पर हुई परीक्षा के दौरान परीक्षाथियों की गहनता से चेकिंग कर केंद्रों में प्रवेश दिया गया। पेपर में रामपुर जिले का भी जिक्र किया गया था।
विज्ञापन
रामपुर में सिपाही भर्ती परीक्षा
- फोटो : संवाद
विस्तार
रामपुर जिले में पुलिस भर्ती परीक्षा शनिवार को सभी 11 केंद्रों पर सकुशल संपन्न हो गई। पहले दिन दोनों पालियों में पंजीकृत 9216 में से 248 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी, जबकि 8968 ने परीक्षा दी। परीक्षा में पूछे गए एक सवाल में रामपुर का भी जिक्र आया। सवाल था कि अकबर का मकबरा कहां है।
विज्ञापन
इसके विकल्प थे रामपुर, सिकंदरा, एटा और उन्नाव। इसका सही जवाब सिकंदरा (आगरा) है। परीक्षा देकर निकले अभ्यर्थियों ने कहा कि रीजनिंग और गणित के सवाल मुश्किल थे। पुलिस भर्ती की लिखित परीक्षा में 150 प्रश्न के 300 अंक निर्धारित किए गए थे, जबकि निगेटिव मार्किंग में आधे अंक काटने का नियम था।
विज्ञापन
पुलिस भर्ती परीक्षा में विभागीय कई प्रश्न पूछे गए। जैसे एक वीआईपी की हत्या का मुख्यारोपी खुद को निर्दोष साबित करने के लिए आपको रिश्वत की पेशकश करेगा तो आप क्या करोगे। एक पुलिस अधिकारी के रूप में आपको पुलिस स्टेशन पर नियुक्त किया जाए तो आप कौन से अधिकारी होंगे।
विज्ञापन
पीड़िता से बलात्कार के फोरेंसिक साक्ष्य जांच करते समय आप क्या सावधानी बरतेंगे। परीक्षा केंद्रों पर काफी सख्ती रही। युवतियों और महिलाओं के बालों को खुलवाकर और चूड़ियां उतरवाकर तलाशी ली गई। जूते और टोपी भी उतरवाई गई।
रामपुर नगर में राजकीय खुर्शीद कन्या इंटर कॉलेज और राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान को केंद्र बनाया गया था। वहीं टांडा, शाहबाद, स्वार और बिलासपुर में कुल 11 पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सभी केंद्रों पर 96.98 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि मात्र 3.02 प्रतिशत ने परीक्षा छोडी।
10 बजे से 12 बजे तक पहली पाली में 4608 में से 109 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी। जबकि तीन बजे से पांच बजे तक दूसरी पाली में 4608 में से 139 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ी। अधिकतर अभ्यर्थी जिले के ही थे। महिला अभ्यर्थियों की संख्या भी काफी अधिक थी।
पेपर अच्छा था, लेकिन टाइम कम मिला। रीजनिंग और गणित में थोड़ी परेशानी जरूर हुई। - सुहानी सक्सेना, टांडा
रीजनिंग ने परेशान किया। गणित के सवाल समय से कर लिए थे। थोड़ा टाइम और मिलता तो ज्यादा अच्छा पेपर होता। - रीता यादव
निगेटिव मार्किंग के डर के चलते असमंजस वाले सवालों को छोड़ना बेहतर था। रीजनिंग के सवालों ने काफी समय ले लिया। - बानो, लोधीपुर
पुलिस से जुड़े सवाल आसान लगे, पुलिस भर्ती परीक्षा देने आए हैं तो ऐसे सवाल अच्छे लगे। रीजनिंग के सवालों ने परेशान किया। - आस्था, सिलईबड़ा
पेपर ठीक हुआ है। बस कोई अड़चन न आए और भर्ती की प्रक्रिया पूरी हो जाए। - विनीत कुमार
पेपर उम्मीद के अनुसार अच्छा आया। पूर्व में भी प्रतियोगी परीक्षाएं दी हैं, लेकिन भर्तियों ही निरस्त हो गईं। इस बार अच्छे परिणाम की उम्मीद है। - प्रगति शर्मा