रामपुर। मंडलायुक्त सोमवार को रामपुर आए। यहां पर उन्होंने रामपुर शहर स्थित शिशु सदन पहुंचकर बच्चों का हालचाल जाना।
मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने बच्चों से उनके स्वास्थ्य, पढ़ाई और खेलकूद के बारे में बातें कीं और बच्चों से पूछा कि उन्हें किसी चीज की जरूरत तो नहीं है। बच्चे मंडलायुक्त को अपने बीच पाकर अत्यंत उत्साहित थे। बच्चों ने मंडलायुक्त से मिक्की माउस वाला झूला, रिमोट वाली कार और चाभी वाली गुड़िया मांगीं। बच्चों द्वारा मेला घूमने की इच्छा जाहिर करने पर मंडलायुक्त ने कहा कि बच्चों को उनकी सुरक्षा के साथ 16 अक्तूबर से शुरू हो रहे हुनर हाट में लेकर जाएं। उन्होंने प्रत्येक कमरे में जाकर साफ-सफाई और समय-समय पर भ्रमण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुसार उपलब्ध कराए गए संसाधनों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए प्राकृतिक माहौल मिलना चाहिए। परिसर में स्थित खेल के मैदान को समतल कराने के भी निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी गजल भारद्वाज ने शिशु सदन में कराए गए विभिन्न कार्यों के बारे में मंडलायुक्त को जानकारी दी। मंडलायुक्त ने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि रामपुर का शिशु सदन एक मॉडल शिशु सदन के रूप में विकसित हो और बच्चों के लिए हर जरूरी सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि बच्चों की परवरिश में कोई कमी न रहे। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हेम सिंह, तहसीलदार सदर प्रमोद कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार और जिला प्रोबेशन अधिकारी लवकुश भार्गव आदि मौजूद रहे।