भाजपा के औलख का दर्द: मुस्लिम मतदाताओं ने नहीं दिया वोट वरना पांचों सीटों पर मिलती जीत
राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि पीएम मोदी सबका साथ सबका विश्वास लेना चाहते हैं। लेकिन हमें ये नहीं पता कि वो हमारा साथ क्यों नहीं देना चाहते। हम तो उनका साथ देना चाहते हैं, साथ लेना चाहते हैं।
विस्तार
रामपुर में बिलासपुर सीट से जीत दर्ज करने वाले भाजपा प्रत्याशी और राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने जिले की तीन सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों की जीत दर्ज न होने का ठीकरा मुस्लिम मतदाताओं के ऊपर फोड़ा है। उनका कहना है कि मुस्लिम मतदाताओं ने भेदभाव किया और विकास कराने के बाद भी भाजपा को वोट नहीं दिया, जिस कारण पार्टी तीन सीटों पर जीत दर्ज नहीं कर सकी और ये बात कहने में उन्हें कोई डर नहीं है।
बृहस्पतिवार को मतगणना के बाद बिलासपुर सीट से जीत दर्ज करने के बाद प्रमाण पत्र लेने पहुंचे बलदेव सिंह औलख से जब मीडिया ने तीन सीटों पर भाजपा की हार के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में भी यही रिजल्ट रहा था। आप समझते हैं कि जो तीन सीटें हैं उनमें हमारा अनुपात क्या है और मुझे ये कहने में कोई डर नहीं है कि मुस्लिम मतदाताओं ने एकतरफा होकर वोट डाला है। हमारी सरकार ने मुस्लिम समाज व हर समाज के व्यक्ति के लिए बिना भेदभाव के काम किया और योजनाओं का लाभ दिया। मगर मुस्लिम मतदाताओं ने बिल्कुल ध्यान नहीं रखा कि जो हमारे सरकार की बड़ी-बड़ी योजनाएं हर जनमानस तक पहुंची हैं।
सरकार ने बिना भेदभाव काम किए
कहा कि सरकार ने बिना भेदभाव काम किए हैं मगर एक बिरादरी ने बिना भेदभाव के वोट नहीं किया है और भेदभाव के साथ वोट किया है। हम हमेशा मुस्लिम का विश्वास जीतना चाहते थे। कहा कि प्रधानमंत्री सबका साथ सबका विश्वास लेना चाहते हैं लेकिन, हमें ये नहीं पता कि वो हमारा साथ क्यों नहीं देना चाहते, हम तो उनका साथ देना चाहते हैं साथ लेना चाहते हैं, उनमें क्या कमी हैं।
बड़ी विडंबना है इसके बारे में सोचना पड़ेगा
कहा कि हमने 2014 से अब तक कमी देख ली लेकिन, हमारे में कोई कमी नहीं है और अगर कमी है तो उन्होंने 2022 में भी मुहर लगाने का काम किया, ये बड़ी विडंबना है आगे इसके बारे में सोचना पड़ेगा। जब उनसे पूछा गया कि उनका मानना है कि रामपुर से भाजपा को मुस्लिम वोट नहीं मिला है तो उन्होंने कहा कि नहीं मिला है। आप देखिये न, हम पांचों सीट जीत रहे थे, सभी प्रत्याशी जुझारू थे। वो विश्वास हम पर नहीं जता पाए इसलिए हम तीन सीट हार गए। बुलडोजर जारी रहने के सवाल पर कहा कि बुलडोजर तो अब और तेजी से जारी रहेगा। राज्यों के दलीय समीकरण जानने के लिए यहां क्लिक करें