रामपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। उन्होंने शिक्षकों एवं कर्मचारी की अंशदायी पेंशन योजना के लिए सरकारी अंशदान एक मुश्त जमा करने समेत विभिन्न समस्याओं का निस्तारण कराने की मांग की है।
गुरुवार को संघ के जिलाध्यक्ष महावीर सिंह के नेतृत्व में शिक्षक जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय आ गए, जहां उन्होंने डीआईओएस विनोद कुमार से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपा। उनका कहना था कि 11 जनवरी को शिक्षा निदेशालय ने शिक्षकों एवं कर्मचारियों के खाते में सरकारी अंशदान जमा करने के निर्देश दिए गए थे। इस संबंध में शासन ने आवंटित की गई धनराशि के बारे में जानकारी मांगी है। कहा कि दो फरवरी को शासन ने नई पेंशन योजना से आच्छादित अशासकीय प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को 31 मार्च 2019 तक के अवशेष नियोक्ता अंशदान की धनराशि एक मुश्त भुगतान करने के लिए आवंटित की दी गई थी, जिसमें रामपुर जिले के लिए भी धनराशि जारी की है। उन्होंने दस दिनों के भीतर एक मुश्त धनराशि शिक्षकों के खाते में जमा करने की मांग की है। इसके अलावा कुछ शिक्षकों की समस्याएं भी डीआईओएस के समक्ष रखी गईं, जिनकी निस्तारण कराने की मांग की है। इस मौके पर जिला मंत्री महेन्द्र प्रताप राव, जगपाल सिंह आदि मौजूद रहे।