परशदेपुर। दीदी क्या कर रही हो..., कुछ नहीं, झूला लगा रही हूं...। छोटी बहन से यह बात कहकर रामसागर मोहल्ला के मो. निहाल इदरीशी की बड़ी बेटी सोनम (19) ने घर में फंदे से लटक कर जान दे दी। कुछ देर बाद छोटी बहन खुशनुमा ने दीदी को फंदे से लटका देखा तो वह चीख पड़ी। उसका शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए और सोनम को फंदे से उतार कर सीएचसी सलोन ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सोनम ने ऐसा क्यों किया, घरवाले इस बारे में कुछ नहीं बता पा रहे हैं।
सोनम (19) बीए की छात्रा थी। रविवार को जब घर में सिर्फ छोटी बहन ही थी, तभी उसने खुदकुशी कर ली। उसने ऐसा क्यों किया, इस पर सवाल कायम है। परिवार के लोग कुछ जानते हैं, लेकिन वह बताने को तैयार नहीं है। सीएचसी में जब पुलिस पड़ताल करने के लिए पहुंची तो परिवार के लोगों ने उससे भी कुछ भी नहीं बताया। हालांकि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने शव को पुलिस को पोस्टमार्टम के लिए नहीं सौंपा है। साथ ही कोई तहरीर भी नहीं दी है।