Raebareli News : उधार सामान न देने पर बुजुर्ग की लोहे की रॉड से पीटकर हत्या
रविवार रात में वृद्ध अपने दरवाजे पर सो रहा था। इस दौरान गांव का ही एक युवक वहां पहुंचा और लोहे के राड से उसके सिर पर लगातार कई वार कर दिए, जिससे उसका चेहरा व सिर क्षत-विक्षत हो गया और उसकी मौत हो गई।
विस्तार
रायबरेली जिले में ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के करसेनी मजरे अरखा गांव में उधार सामान न देने से नाराज़ युवक ने दरवाजे पर सो रहे वृद्ध को लोहे की राड से पीट पीट-कर मार डाला। जानकारी होने पर घर वाले उसे सीएचसी ले गए, लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
गांव निवासी रामफेर पुत्र महराजदीन (72) दरवाजे पर ही किराना की दुकान करता था। रविवार की दोपहर उसका गांव के एक युवक से सामान उधार न देने को लेकर कहासुनी हुई थी। बताते है कि रात में वह अपने दरवाजे पर सो रहा था। इस दौरान गांव का ही एक युवक वहां पहुंचा और लोहे के राड से उसके सिर पर लगातार कई वार कर दिए, जिससे उसका चेहरा व सिर क्षत-विक्षत हो गया और उसकी मौत हो गई। आवाज़ सुनकर घर वाले दौडे तो युवक भाग निकला। परिजन उसे सीएचसी ले गए लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतक के बेटे राम प्रकाश ने नामजद तहरीर पुलिस को दी है। कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि बेटे की तहरीर पर गांव के संतलाल उर्फ नान्ह भइया के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।