कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर निगरानी समितियों का गठन किया गया है। समिति के अध्यक्ष व सदस्य परदेश से गांवाें में आने वाले प्रवासियों को जागरूक करेंगे। घरों पर नोटिस चस्पा होगी और उनके साथ व्यवहार को लेकर ग्रामीणों को समझाएंगे। कोरोना महामारी के प्रकोप के बीच प्रवासी मजदूरों की लगातार गांवों में लगातार बढ़ रही भीड़ से परेशान अफसरों ने निगरानी समितियों को गठन किया गया है। लालगंज ब्लाक सभागार में बीडीओ चंदन देव पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में डगरारा, पूरे रूप, पूरे वंशी, पहाड़पुर, कैथौला, सारीपुर, अगई, देवापुर असैनापुर आदि ग्राम पंचायतों की निगरानी समितियों का गठन किया गया।
ग्राम प्रधान समिति के अध्यक्ष होंगे, जबकि आशा बहू, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, सचिव, चौकीदार, लेखपाल, रोजगार सेवक आदि इसके सदस्य होंगे। निगरानी समिति गांव में आने वाले प्रवासियों पर नजर रखेगी। उनके पहुंचने पर समिति द्वारा संबंधित के घरों में नोटिस चश्पा कर क्वारंटीन रहने की सलाह दिया जाएगा। बाहर से आने वाले लोगाें के प्रति व्यवहार को लेकर भी ग्रामीणों को बताया जाएगा। सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर भी निगरानी समिति लोगों को जागरूक करेगी। बीडीओ चंदन देव पांडेय ने बताया कि निगरानी समिति ग्राम पंचायत स्तर पर गठन किया गया है। इसके माध्यम से गांवों में कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने का प्रयास किया जाएगा। बैठक का संचालन एडीओ पंचायत राजेश तिवारी ने किया। इस मौके पर प्रधान संघ अध्यक्ष रमांशकर तिवारी, राजू पांडेय, संतोष सिंह, रामफेर यादव आदि मौजूद रहे।