प्रतापगढ़ : राजाभैया के वैवाहिक जीवन पर कानूनी कलह से स्तब्ध हैं समर्थक, अलगाव की चर्चा हैं मर्माहत
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा राजा भैया और भानवी सिंह के बीच तलाक के मामला कोर्ट पहुंचने पर समर्थक स्तब्ध है। राजा भैया और उनकी पत्नी में हो रहे संबंध विच्छेद को लेकर कार्यकर्ताओं की चिंता बढ़ गई है।
विस्तार
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा राजा भैया और भानवी सिंह के बीच तलाक के मामला कोर्ट पहुंचने पर समर्थक स्तब्ध है। राजा भैया और उनकी पत्नी में हो रहे संबंध विच्छेद को लेकर कार्यकर्ताओं की चिंता बढ़ गई है। कार्यकर्ता नहीं चाहते हैं कि राजाभैया और भानवी सिंह के बीच अलगाव हो। कार्यकर्ता खुलकर अपनी बातों को नहीं कह पा रहे हैं। मगर वह चाहते है कि पति-पत्नी के बीच प्रेम की डोरी सात जन्मों तक चलती रही।
राजा भैया और भानवी के बीच तलाक के मामले के पहले विवाद देवर -भाभी यानि भानवी सिंह और एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह उर्फ गोपालजी के बीच था। दक्षिण दिल्ली स्थित जोरबाग थाने में राजा भैया की पत्नी भानवी ने एमएलसी अक्षयप्रताप सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी सहित विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कराया था। विवाद बढ़ने पर राजा भैया ने भाई का पक्ष लिया तो पत्नी से इस कदर नाराज हुए कि बात तलाक तक आ गई।
राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी कुमारी का पारिवारिक और वैवाहिक विवाद अब अदालत की दहलीज तक पहुंच गया है। ऐसे में कार्यकर्ताओं चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ दिखने लगी है। नाम न छपने की शर्त पर कार्यकर्ताओं ने कहा कि राजा भैया और रानी भानवी जिले के गौरव है। राजाभैया और उनकी पत्नी के लिए मैं अपनी जान दे सकता हूं, मगर दोनों के बीच संबंध विच्छेद होना किसी प्रकार से उचित नहीं है। कार्यकर्ता भगवान से राजा भैया और रानी भानवी के वैवाहिक जीवन को बचाने के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं।