दुर्गा पूजा पंडाल से साउंड मशीन चोरी होने का आरोप लगाकर कुछ लोगों ने छठवीं के छात्र को पूछताछ के बहाने घर में बंधक बनाकर पीटा। इससे भी मन नहीं भरा तो पैर में रस्सी बांधकर कुएं में उल्टा लटका दिया। विरोध करने पहुंचे परिवार के लोगों को भी पीटा गया। शिकायत के बाद भी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोहंडौर थाना क्षेत्र के माधवपुर रामापुर गांव की रहने वाली रेखा देवी का आरोप है कि उसका बेटा रोशन पांच अक्तूबर की सुबह वह घर पर सो रहा था। तभी गांव के कुछ लोग पहुंचे और दुर्गा पंडाल से चोरी साउंड मशीन की बाबत पूछताछ करने की बात कहकर अपने साथ ले गए।
आरोपियों ने उसे घर में बंधक बनाकर पीटा। उसका पैर रस्सी से बांधकर पास स्थित एक पुराने कुएं में लटका दिए। दो घंटे बाद भी रोशन के घर न लौटने पर खोजबीन शुरू की। कुएं में रोशन को लटका देख राजेंद्र वर्मा, सूरज गुप्ता व गौरव उसे बचाने की कोशिश करने लगे।
आरोपियों ने उन्हें भी पीटकर घायल कर दिया। गांव के लोगों के एकत्र होने पर उसके बेटे की जान बची। महिला की शिकायत के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। कोहड़ौर थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।