Pratapgarh : मौलाना की हत्या के तीसरे दिन भी गांव में पसरा रहा सन्नाटा, पुलिस और पीएसी का पहरा
शनिवार को सुबह भूमि विवाद में पैसे के लेनदेन को लेकर मौलाना फारूक की हत्या कर दी गई थी। वह आरोपी चंद्रमणि तिवारी के दरवाजे पर पहुंचे थे। किसी बात को लेकर चंद्रमणि तिवारी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर मौलाना फारुख के सिर पर कुल्हाड़ी और रॉड से वार कर उनकी हत्या कर दी।
विस्तार
जेठवारा थाना क्षेत्र के सोनपुर गांव में मौलाना की हत्या के तीसरे दिन भी सन्नाटा पसरा हुआ है। गांव में तनाव को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस और पीएसी को तैनात किया गया है। आरोपी फरार चल रहे हैं। परिवार के लोग घर छोड़कर चले गए हैं। हमेशा चहल पहल रहने वाले गांव में सिर्फ खाकी की मौजूदगी ही दिखाई दे रही है। मौलाना के घर पर संवेदना व्यक्त करने वालों की भारी भीड़ जमा हो रही है। घटना को लेकर लोग अपने घरों में चर्चा कर रहे हैं।
शनिवार को सुबह भूमि विवाद में पैसे के लेनदेन को लेकर मौलाना फारूक की हत्या कर दी गई थी। वह आरोपी चंद्रमणि तिवारी के दरवाजे पर पहुंचे थे। किसी बात को लेकर चंद्रमणि तिवारी ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर मौलाना फारुख के सिर पर कुल्हाड़ी और रॉड से वार कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद अक्रोशित लोगों की भीड़ ने जमकर बवाल किया था।
लोगों को शांत करने में डीएम एसपी के भी पसीने छूट गए थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रयागराज जोन के कई जनपदों की पुलिस को बुलानी पड़ गई। घटना के दूसरे दिन परिजनों के साथ कुछ समाज के बुजुर्गों की सूझबूझ के चलते रविवार की सुबह उनके परिजनों ने मौलाना के शव को पैतृक कब्रिस्तान में सुपुर्दे खाक किया गया। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
घटना के बाद तनाव को देखते हुए एहतियातन गांव में भारी संख्या में रात दिन पुलिस व पीएसी की तैनात कर दी गई है। घटना से भयभीत आरोपियों के परिवार के लोग घर छोड़ कर फरार हैं। उनके पड़ोसियों के घरों में भी ताला लटका हुआ है। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि हत्या के दो आरोपियों को जेल भेजने के बाद अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
सांसद एसपी ने पहुंचकर जताई संवेदना
प्रतापगढ़ के नवनिर्वाचित सांसद एसपी सिंह पटेल ने सोमवार को सोनपुर गांव में पहुंचकर मौलाना फारूख की हत्या का दुख जताया और उनके परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा।
नवनिर्वाचित सांसद व विधायकों समेत दस नेताओं की टीम 15 जून को पहुंचेगी सोनपुर
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर सोनपुर गांव में मौलाना फारूख की हत्या की जांच और जानकारी के लिए नवनिर्वाचित सांसद एसपी पटेल के साथ पूर्व मंत्री और विधायक कमाल अहमद, नफीस अहमद,आरके वर्मा, राम सिंह पटेल, पूर्व विधायक नागेंद्र सिंह मुन्ना, मो शकील नदवी, उदय वीर सिंह, गुलशन यादव, अब्दुल कादिर जिलानी का एक प्रतिनिधि मंडल 15 जून को सोनपुर जाएगा। सपा के नेता मौलाना फारूख की हत्या की जानकारी लेने के बाद पुलिस द्वारा अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट तैयार कर सपा मुखिया अखिलेश यादव को सौंपेंगे! यह जानकारी समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने लिखित जानकारी देते हुए लोगों को अवगत कराया है।