राजाभैया बोले : भगवान श्री राम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है कथा का उद्देश्य, सनातनियों को किया आमंत्रित
कुंडा के बेंती राजभवन में भक्ति और आस्था का बड़ा आयोजन होने जा रहा है। बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा से पहले राजा भैया ने आयोजन का उद्देश्य बताते हुए सभी सनातनियों को आमंत्रित किया है।
विस्तार
कुंडा के बेंती राजभवन में 17 नवंबर से भव्य श्रीराम कथा का आयोजन होने जा रहा है। बागेश्वर धाम सरकार के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा का श्रद्धालु रसपान करेंगे। 17 से 20 नवंबर तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने श्रीराम कथा के आयोजन के उद्देश्य पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्शों और उनके जीवन मूल्यों से समाज को परिचित कराना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने सभी सनातनियों से कथा में शामिल होने का आह्वान किया।
राजा भैया ने इस दौरान हिंदू राष्ट्र और देश के बंटवारे से जुड़े मुद्दों पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने धार्मिक और सामाजिक विषयों पर अपने विचार साझा किए।
बेंती राजभवन में आयोजित होने वाली इस कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह है। राजभवन के परेड ग्राउंड में पंडाल और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
