प्रतापगढ : चौकी पर तैनात सिपाही ने किया खुदकुशी का प्रयास, दरवाजा तोड़कर बचाई गई जान
जेठवारा थाना क्षेत्र के डेरवा पुलिस चौकी पर आगरा के रहने वाले सिपाही कुंदन शर्मा की तैनाती है। वह जेठवारा थाने के सामने रविशंकर मिश्रा के मकान में किराये पर कमरा लेकर रहता है। शनिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपने कमरे का दरवाजा भीतर से बंद कर मोबाइल पर तेज आवाज में बात कर रहा था।
विस्तार
डेरवा पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही कुंदन शर्मा ने शनिवार की रात कमरे में कलाई की नस काटकर जान देने की कोशिश की। कराहने की आवाज सुनकर साथी पुलिसकर्मी कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और खून से लथपथ सिपाही को मेडिकल कॉलेज ले गए। अस्पताल में इलाज के बाद भोर में उसे छुट्टी दे दी गई।
जेठवारा थाना क्षेत्र के डेरवा पुलिस चौकी पर आगरा के रहने वाले सिपाही कुंदन शर्मा की तैनाती है। वह जेठवारा थाने के सामने रविशंकर मिश्रा के मकान में किराये पर कमरा लेकर रहता है। शनिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे वह अपने कमरे का दरवाजा भीतर से बंद कर मोबाइल पर तेज आवाज में बात कर रहा था। अचानक कराहने की आवाज सुनकर बगल के कमरे में रहने वाले दरोगा जमाल अशरफ व साथी सिपाही विपिन मिश्रा और सितिन यादव कुंदन को आवाज देने लगे।
भीतर से कोई जवाब न मिलने पर सभी दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे। कुंदन ने अपने दाहिने हाथ की कलाई की नस काट ली थी। वह खून से लथपथ था। पुलिसकर्मी उसे मेडिकल कॉलेज ले आए, जहां उसे छह टांके लगे। भोर में उसे डॉक्टरों ने अस्पताल से छुट्टी दे दी। पुलिस अधिकारियों ने सिपाही से पूछताछ की, लेकिन वह कुछ बताने के लिए तैयार नहीं था। थाने में चर्चा होती रही कि पारिवारिक कारणों से उसने आत्मघाती कदम उठाया। खबर मिलने पर रविवार को उसके परिवार के लोग भी थाने पहुंच गए। उसे अवकाश देकर सोमवार को परिजनों संग रवाना किया जाएगा।
पांच माह पहले हुई थी शादी
जनपद आगरा का रहने वाला सिपाही कुंदन शर्मा वर्ष 2015 यूपी पुलिस में सिपाही के पद पर भर्ती हुआ था। कुंदन की पांच माह पूर्व शादी हुई थी। साथी पुलिसकर्मियों के अनुसार शादी के बाद से ही वह मानसिक रूप से परेशान है।