प्रतापगढ़ : खास नेता के लिए 25 साल से कोई मुख्यमंत्री नहीं आया रामपुर खास - महेंद्र पांडे
केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय ने बिना नाम लिए कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी को घेरा, कहा- इस बार खास के लिए यूपी की राजनीति नहीं होगी एडजस्ट। बोले-मिथक तोड़ते हैं योगी, मुख्यमंत्री का रामपुर खास आना भी खास, खिलेगा कमल।
विस्तार
जनविश्वास यात्रा के प्रतापगढ़ पहुंचने पर आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ पहुंचे केंद्रीय भारी उद्योग एवं कौशल विकास मंत्री महेंद्र पांडे ने कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रमोद तिवारी को घेरने की कोशिश की। उन्होंने प्रमोद का नाम लिए बगैर कहा कि खास नेता के लिए 25 साल से कोई मुख्यमंत्री रामपुर खास जनसभा करने नहीं आया। रामपुर खास में योगी का आना भी खास है। वह मिथक तोड़ते हैं। नोएडा का मिथक तोड़ा। शानदार सरकार चल रही है। योगी ने एडजस्टमेंट की राजनीति खत्म की। इस बार खास नेता के लिए यूपी की राजनीति एडजस्ट नहीं होगी। रामपुर खास में कमल खिलेगा।
केंद्रीय मंत्री महेंद्र पांडे ने कहा कि काम के मामले में योगी देशभर के मुख्यमंत्रियों में सबसे आगे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में दंगा होगा और क्षति होगी तो उसकी भरपाई दंगा करने वालों से ही की जाएगी। कुछ लोग जो कोरोना के समय से घरों में थे, बीते दो महीनों से ट्वीट-ट्वीट खेल रहे हैं। कोरोना में भाजपा के सिपाही हर जगह लोगों के साथ खड़े थे। योगी आदित्यनाथ देश में अकेले ऐसे मुख्यमंत्री थे जो फ्रंट लाइन वारियर की तरह लड़ रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योगी को आगे लाकर यूपी का स्थान बढ़ाया।
बेलखरनाथ को याद किया, घुइसरनाथ को भूल गए
केंद्रीय मंत्री महेंद्रनाथ पांडे ने अपने भाषण की शुरुआत भीड़ से मोदी-योगी जिंदाबाद के नारे लगवाकर की। इसके बाद उन्होंने बेल्हा देवी और बाबा बेलखरनाथ का जिक्र किया। वह रामपुर खास विधानसभा में पड़ने वाले पौराणिक बाबा घुइसरनाथधाम को भूल गए। इस पर भाजपा के एक कार्यकर्ता ने उन्हें आकर बताया कि आप घुइसरनाथधाम को भूल रहे हैं। इसके बाद भी मंत्री समझ नहीं पाए। वह कहने लगे कि अरे आपके यहां के बेलखरनाथ बाबा का तो बड़ा महात्म्य है। इस पर उन्हें दोबारा बताया गया। तब जाकर उन्होंने भीड़ घुइसरनाथ बाबा की जय का जयकारा लगवाया।