pratapgarh : चाऊमीन खाने से 70 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, चार गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती
प्रतापगढ़ जिले के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के बरिस्ता गांव में बृहस्पतिवार को उर्स के मेले में चाऊमीन खाने के बाद 70 बच्चों की हालत बिगड़ गई। सभी को उल्टी दस्त की शिकायत थी।
विस्तार
लालगंज कोतवाली के बरिस्ता तकिया गांव में आयोजित उर्स के मेले में चाऊमीन खाने के बाद बृहस्पतिवार देर रात पूर्व प्रधान अनवर अली के बेटे मोहम्मद मुजीम (14), बेटी जीनल (13) समेत गांव के 87 लोग फूड प्वॉयजनिंग के शिकार हो गए। देर रात उल्टी-दस्त से सभी की तबीयत बिगड़ गई। पीड़ितों को नजदीक के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। चार लोगों की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। चाऊमीन दुकानदार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
लालगंज कोतवाली के बरिस्ता तकिया गांव में बाबा इनायत शाह की दरगाह है। बृहस्पतिवार को यहां उर्स के मौके पर मेले का आयोजन किया गया था। जिसमें हजारों लोग जुटे थे। मेले में बरिस्ता गांव के दिनेश ने चाऊमीन का ठेला लगाया था। उसकी दुकान पर बड़ी संख्या में गांव के लोग चाऊमीन खाने पहुंचे थे। देर रात उनकी हालत बिगड़ने लगी। करीब 87 लोगों को पेट दर्द, चक्कर आने के साथ ही उल्टी-दस्त शुरू हो गई।
गांव में एक साथ इतने लोगों के बीमार होने की खबर से हड़कंप मच गया। पीड़ितों को लालगंज, संडवाचंद्रिका और तेजगढ़ सीएचसी ले जाया गया। यहां ओमप्रकाश के बेटे आयुष (4), अंश (8), बेटी अंशिंका (6) व संतोष के बेटे प्रिंस राव (12) की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। चारों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। पीड़ितों में अधिकांश लोगों को इलाज के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और लोगों का परीक्षण कर दवाएं दी गईं। उधर, घटना के बाद लालगंज पुलिस ने दुकानदार दिनेश को हिरासत में लेने के बाद उसके पास रही चाऊमीन समेत अन्य खाद्य सामाग्री जब्त कर ली। बीमार होने वालों में गांव के पूर्व प्रधान का बेटा और बेटी भी शामिल हैं। देर शाम खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम भी गांव पहुंची और जिस दुकान से चाऊमीन समेत अन्य सामान खरीदे गए थे, वहां से नमूना लेकर जांच के लिए भेजा।
फूड प्वॉयजनिंग से पीड़ित मरीजों के इलाज के लिए गांव में स्वास्थ्य कर्मचारियों को भेजा गया था। सीएचसी-पीएचसी के साथ ही मेडिकल कॉलेज में पीड़ितों का इलाज चल रहा है। घर-घर दवा वितरित कराई गई है। - डॉ. जीएम शुक्ला, सीएमओ