Pratapgarh : प्रतापगढ़ पहुंचे मंत्रियों ने अफसरों से पूछा, क्यों आ रहीं शिकायतें
मंत्री ने पूछा शहर में जब 24 घंटे बिजली की आपूर्ति होनी है, तो 20 घंटे बिजली क्यों मिल रही है। जिले में अनियमितता करने वाले कोटेदारों को संरक्षण देने की शिकायत मिलने पर डीएसओ रीना कुमारी को सुधार लाने की हिदायत दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जिले के प्रभारी एवं प्रदेश सरकार के पर्यटन और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीशचंद्र यादव और श्रम एवं सेवायोजन मंत्री मनोहरलाल मन्नू कोरी बुधवार को विकास कार्यों की हकीकत खंगालने के लिए प्रतापगढ़ पहुंचे। विकास भवन में अलग-अलग विभागों के अफसरों के साथ बुधवार अपराह्न तीन बजे से शुरू हुई बैठक में मंत्रियों ने काम में लापरवाही पर नाराजगी जताई। पूछा, आप लोगों की इतनी शिकायतें क्यों आ रही हैं। बिजली विभाग के अधिशाषी अभियंता मनोज अग्रवाल को फटकार लगाते हुए जिले में नियमित बिजली की आपूर्ति नहीं होने पर नाराजगी जताई।
कहा कि शहर में जब 24 घंटे बिजली की आपूर्ति होनी है, तो 20 घंटे बिजली क्यों मिल रही है। जिले में अनियमितता करने वाले कोटेदारों को संरक्षण देने की शिकायत मिलने पर डीएसओ रीना कुमारी को सुधार लाने की हिदायत दी। नियमित रूप से नि:शुल्क राशन का वितरण कराने के लिए कहा। श्रम विभाग की योजनाओं का प्रचार-प्रसार नहीं होने पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी की भी क्लास लगाई। बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में अभी तक बिजली कनेक्शन नहीं होने पर बीएसए और अधिशाषी अभियंता से नाराजगी जताई। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़कों का निर्माण गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने के निर्देश दिए।
कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूल में रोपा पौधा
जिले के प्रभारी और प्रदेश सरकार के पर्यटन और संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीशचंद्र यादव तथा श्रम एवं सेवायोजन मंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी ने बुधवार की शाम मानधाता विकास खंड के कस्तूरबा गांधी आवासीय स्कूल पहुंचकर भाजपा नेताओं के साथ पौधरोपण किया।
अशोक सरोज के घर खाया बाटी-चोखा, पूछा घर के लोगों का हालचाल
मानधाता/कटरामेदनीगंज। जिले में विकास कार्यों की हकीकत खंगालने आए प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह, गिरीशचंद्र यादव और मनोहर लाल ने बुधवार रात मानधाता ब्लॉक के अहिना गांव के अशोक सरोज के घर बाटी-चोखा खाया। मंत्रियों के भोजन की जानकारी पहले से होने के चलते सुबह से अशोक के घर अफसरों से लेकर भाजपा नेताओं की फौज व्यवस्था को लकदक करने के लिए दौड़ लगा रही थी। इससे पहले मंत्रियों ने सदर ब्लॉक के भदोही गांव में चौपाल लगाकर लोगों से सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।
मानधाता के अहिना गांव स्थित अशोक सरोज के घर मंत्रियों के भोजन की तैयारी को लेकर स्थानीय बाजार से कुर्सी, मेज सहित अन्य सामान मंगाए गए थे। क्षेत्रीय विधायक जीतलाल पटेल, अपना दल एस व भाजपा के क्षेत्रीय कार्यकर्ता भी मौजूद थे। बुधवार की शाम प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह, गिरीशचंद्र यादव और मनोहर लाल ने अशोक सरोज के घर भोजन करने के बाद उनकी पीठ थपथपाई और पूछा कैसा चल रहा है। अगर किसी बात की समस्या हो तो बताना। वहां पर मौजूद लोगों ने सराय भीमसेन स्थित गौशाला में अव्यवस्था की जानकारी दी।
प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुझे तो जानकारी नहीं है। फिलहाल जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। तीनों मंत्रियों को गो संरक्षण केंद्र सराय भीमसेन भी जाना था, मगर समय का अभाव बताकर वह प्रयागराज के लिए रवाना हो गए।
चौपाल में पूछा, सरकार की योजनाओं में कोई गड़बड़ी तो नहीं
सदर ब्लॉक के भदोही गांव में बुधवार की शाम मंत्रियों ने आम लोगों के साथ चौपाल लगाई। कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने चौपाल में लोगों से पूछा कि सरकार की योजनाओं में कोई गड़बड़ी तो नहीं कर रहा है। योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर कोई धन उगाही का प्रयास कर रहा हो तो बताएं। हालांकि कोई ऐसी शिकायत नहीं मिली।
मंत्रियों ने चौपाल में प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को बुलाकर पठन-पाठन, पुस्तक, जूता व ड्रेस आदि के विषय में जानकारी ली।