Pratapgarh : क्षेत्र पंचायत की बैठक में पूर्व विधायक और बीडीसी में तीखी नोकझोंक, दोनों पक्ष आए आमने-सामने
बृहस्पतिवार को भी बैठक होनी थी। सुबह से ही गहमागहमी और रस्साकशी का दौर जारी रहा। बैठक शुरू होने के पहले रानीगंज विधायक आरके वर्मा और प्रमुख सत्यम ओझा मीटिंग हॉल में पहुंच गए। खंड विकास अधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने बैठक शुरू की तो 70 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में मात्र 17 लोग ही उपस्थित मिले ।
विस्तार
शिवगढ़ ब्लॉक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक कोरम के अभाव में स्थगित हो गई। इस दौरान भाजपा के पूर्व विधायक धीरज ओझा और ब्लॉक प्रमुख पद के पूर्व प्रत्याशी के बीच कहासुनी होने से माहौल गरमा गया। पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह से समझा बुझाकर मामले को शांत कराया।
शिवगढ़ ब्लाक में आयोजित क्षेत्र पंचायत सदस्यों की बैठक जब कोरम के अभाव में स्थगित हो गई। उसी दौरान ब्लॉक परिसर में मौजूद पूर्व भाजपा विधायक धीरज ओझा ने अपना आपा खो दिया। अपने समर्थकों संग गाली गलौज करते हुए पूर्व प्रमुख प्रत्याशी विनोद दुबे के पास जाने लगे। इसी बीच सीओ रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी ने किसी तरह से बीच-बचाव कर विवाद शांत कराया। दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए और मारपीट की नौबत बन गई ।यह तो संयोग ही था की भारी मात्रा में मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को वहां से हटाया तब जाकर माहौल शांत हुआ।
बैठक को लेकर सुबह से ही तमाम तरह की अटकले लगाई जा रही थीं। पिछली तीन बैठकों में लोगों का भारी हुजूम और राजनीतिक खेमे बाजी का माहौल यहां देखने को मिला। भाजपा के पूर्व विधायक धीरज ओझा के भतीजे सत्यम ओझा शिवगढ़ के ब्लॉक प्रमुख हैं। शुरुआत में ही क्षेत्र पंचायत सदस्यों के शपथ को लेकर यहां विरोध शुरू हो गया था।
दूसरे पक्ष से पूर्व प्रमुख रमाकांत दुबे के पुत्र विनोद दुबे ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों की भारी संख्या अपने पक्ष में करने की कवायद शुरू कर दी। हालात यह हुआ कि तीन बार क्षेत्र पंचायत सदस्यों की आयोजित बैठक में 70 क्षेत्र पंचायत सदस्यों की जगह पर आधे अधूरे सदस्य ही पहुंचे। जिससे तीनों बैठक कोरम के अभाव में स्थगित हो गई।
बृहस्पतिवार को भी बैठक होनी थी। सुबह से ही गहमागहमी और रस्साकशी का दौर जारी रहा। बैठक शुरू होने के पहले रानीगंज विधायक आरके वर्मा और प्रमुख सत्यम ओझा मीटिंग हॉल में पहुंच गए। खंड विकास अधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने बैठक शुरू की तो 70 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में मात्र 17 लोग ही उपस्थित मिले।कोरम के अभाव में प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठक को स्थगित कर दिया ।इस दौरान एसडीएम सौमया मिश्रा, सीओ रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।