धू-धू कर जली लंका, मची अफरातफरी
लंका दहन, अंगद-रावण संवाद का दृश्य देख रोमांचित हुए लोग
अजगरा। सीता की सुधि लेने लंका की अशोक वाटिका पहुंचे भक्तराज हनुमान का सामना रावण की सेना से हुआ। हनुमानजी ने अशोक वाटिका में जमकर उत्पात मचाया। जानकारी होने पर मेघनाद ने हनुमानजी को ब्रह्मफांस के जरिए लंकापति रावण के समक्ष प्रस्तुत किया। रावण ने हनुमानजी की पूंछ में आग लगाने को कहा। पूंछ में आग लगते ही हनुमानजी ने पूरी लंका में खलबली मचा दी। आग लगने से रावण की नगरी में अफरातफरी मच गई। भक्तराज हनुमान जयश्रीराम-जयश्रीराम के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। शनिवार को पूरे तुसली गांव में आयोजित रामलीला मंचन के दौरान कलाकारों ने लंका दहन, अंगद-रावण संवाद की मार्मिक प्रस्तुति की। जिसे देखकर लोग रोमांचित हो उठे। पूरा पंडाल जयश्रीराम के जयकारे से गूंज उठा। रावण का किरदार अनिल शुक्ल, हनुमान सतीश तिवारी, अंगद पवन तिवारी, जामवंत प्रभात पांडेय, सुग्रीव बच्चा हरिजन, विभीषण दिलीप मिश्रा, मेघनाद सोनू पंाडेय, अक्षय कुमार कप्तान पंाडेय व सीता का किरदार अक्षय मिश्रा ने निभाया। इस मौके पर मृत्युंजय शुक्ल, लालमणि शुक्ल, दया शंकर तिवारी, अंजनी शुक्ल, दिनेश सिंह, पंकज सिंह, उमेश सिंह आदि मौजूद रहे।