Pratapgarh : कटर मशीन की चिंगारी से घर में लगी आग, मासूम समेत पांच झुलसे
विस्फोट के बाद आग दो मकानों में रखे पटाखों तक पहुंच गई। जिसके बाद पटाखों के विस्फोट और धुंए के गुबार से भगदड़ मच गई। आग की चपेट में आने से पांच लोग झुलस गए। घटना के चलते हाईवे पर करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग पर स्थित कोहड़ौर बाजार में आतिशबाज अशफाक के मकान में शनिवार की रात करीब आठ बजे टाइल्स लगाने के दौरान कटर मशीन से निकली चिंगारी से गैस सिलिंडर में आग लग गई। इससे सिलिंडर तेज आवाज के साथ फट गया।
विस्फोट के बाद आग दो मकानों में रखे पटाखों तक पहुंच गई। जिसके बाद पटाखों के विस्फोट और धुंए के गुबार से भगदड़ मच गई। आग की चपेट में आने से पांच लोग झुलस गए। घटना के चलते हाईवे पर करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा। फायर ब्रिगेड के तीन वाहनों के साथ ही त्रिसुंडी सीआरपीएफ ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
कोहड़ौर बाजार में आतिशबाज अशफाक के मकान में शनिवार को टाइल्स लगाने का काम चल रहा था। काम अधिक होने के कारण रात करीब आठ बजे कटर मशीन से टाइल्स लगाई जा रही थी। इस बीच मशीन से निकली चिंगारी घर के एक हिस्से में रखे गैस सिलिंडर तक पहुंच गई। पल भर में ही आग भड़क उठी। इस दौरान तेज आवाज के साथ सिलिंडर फट गया। जिससे आग की लपटें दूसरे कमरों में रखे पटाखों तक पहुंच गई।
घटना के चलते दो घंटे तक लगा रहा जाम
लपटों ने देखते ही देखते आतिशबाज सगीर के घर को भी अपने आगोश में ले लिया। उसके घर में रखे पटाखों में विस्फोट शुरू हो गया। पटाखों के विस्फोट से भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाकर भागने लगे। आसपास के मकान को खाली करा लिया गया। इस बीच आग की चपेट में आने से नजमा बानो (38), शहनाज (30), साजिया (14), जिया (05) और मजदूर राजेश (40) झुलस गए। सभी लोगों को मेडिकल कॉलेज लाया गया।
हालत गंभीर देख डाक्टरों ने उन्हें प्रयागराज रेफर कर दिया। उधर, सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के तीन टैंकर व सीआरपीएफ त्रिसुंडी के जवान आग पर काबू पाने का प्रयास करने लगे। इस दौरान हाईवे पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
घटना की जानकारी के बाद अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी सुरेंद्र प्रताप सिंह व सीओ सिटी अभय पांडेय मौके पर पहुंचे। एएसपी पूर्वी सुरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। झुलसे लोगों को उपचार के लिए भेजा गया है। घटना की जांच कराई जाएगी। यदि मकान के भीतर पटाखे डंप रहे होंगे तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होगी।