Pratapgarh Corona News: कोरोना ने सारे रिकार्ड तोड़े, 53 नए मरीज आए सामने
शुक्रवार को कोरोना ने जिले में पिछले सारे रिकार्ड ध्वस्त कर दिए। एक दिन में रिकार्ड 53 नए मरीज सामने आए। कोहड़ौर में एक ही परिवार में आठ लोग संक्रमित मिले। पांच और पुलिसकर्मी भी चपेट में आ गए हैं। एक दिन में इतने मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा रहा। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 447 हो गई है। शहर के दहिलामऊ का एक रोडवेज चालक तो चिलबिला में रहने वाला एक संविदा परिचालक भी संक्रमित हो गया है।
फतनपुर थाने में पहले ही नौ पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित मिले थे। शुक्रवार को एक दरोगा और एक सिपाही की रिपोर्ट भी पाजिटिव आई। वहीं लालगंज सीओ का हमराही, कोतवाली का मुंशी और सांगीपुर थाने का सिपाही भी संक्रमित मिला है। दहिलामऊ का एक रोडवेज चालक तो चिलबिला में रहने वाले परिचालक की भी रिपोर्ट पाजिटिव आई है।
कोहड़ौर बाजार के एक किराना व्यापारी के परिवार के आठ लोगों की रिपोर्ट पाजिटिव आई है। उसकी दुकान पर काम करने वाला शिवपुर गांव का एक युवक भी संक्रमित मिला है। सांगीपुर बाजार स्थित मेडिकल स्टोर संचालक, साइकिल का थोक व्यापारी भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। कुंडा के पुरबियन का पुरवा का अधिवक्ता, प्रेमनगर का युवक और उसी गांव का एक समाजसेवी की रिपोर्ट कोरोना पाजिटिव आई है।
संग्रामगढ़ काजीपुर का पूर्व प्रधान, दिलेरगंज का युवक, फूलताली गांव की दो महिलाएं, एक पुरुष, एक किशोर, एक अधेड़ व एक बालक संक्रमित मिले हैं। संग्रामगढ़ बाजार का एक युवक, पट्टी के बाभनपुर में युवक, रानीगंज विष्णुपुर कला की आशा, दांदूपुर का एक युवक, बैरमपुर सुवंसा की युवती, महिला, बुजुर्ग और दो युवक, बेलखरनाथ श्रीपुर की एक महिला, गहरी गांव का एक बालक और एक बालिका और एक किशोर की रिपोर्ट शुक्रवार को पाजिटिव आई।
मानधाता के परशुरामपुर का युवक, पट्टी के मैनहा की महिला, देल्हपुर मानधाता रामनगर का युवक, पूरे बोधराम मैनहा पट्टी की महिला, सदर बाजार का युवक, डेेरवा की एक महिला और सीएमओ आफिस का एक कर्मचारी भी कोरोना की चपेट में हैं। इनमें से कुछ लोग होम आइसोलेट हो गए हैं तो बाकी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।