मेट्रो के काम के चलते 17 घंटे नहीं आएगी इस इलाके की बिजली
मेट्रो कार्य के चलते कानपुर रोड पर 27 अप्रैल की आधी रात एक बजे से 28 अप्रैल की शाम 5 बजे तक यानी 17 घंटे बिजली बंद रहेगी।
इस दौरान गर्डर की प्लेसिंग का कार्य किया जाएगा। इसके कारण कानपुर रोड के बाग नंबर तीन, चिल्लावां, मुंशीखेड़ा, पीएसी, सत्यलोक कालोनी, आरटीओ, एवं टेलीफोन एक्सचेंज के आसपास बिजली प्रभावित रहेगी।
वहीं दूसरी ओर पार्क रोड फीडर एवं नरही में आउटडोर बक्सा दगने से करीब छह घंटे तक लोग बिजली को तरसे। फीडर के कुछ इलाकों की वैकल्पिक तरीके से बिजली चालू कर दी गई ,लेकिन नरही के दो ट्रांसफार्मर चालू नहीं हो पाए।
इससे आक्रोशित लोग जवाहर भवन उपकेंद्र भी पहुंचे। नरहीं के लोगो ने बताया कि आउटडोर बक्सा बांधने आए कर्मचारी कुछ देर काम करने के बाद सब कुछ छोड़कर कहीं चले गए।
बिजली न आने से परेशान रहे लोग
इससे नरही बाजार एवं रिहायशी इलाको के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जॉपलिंग रोड एवं वाईएमसीए के आसपास मंगलवार को जेई मनमाने तरीके से सुबह 10:30 से 12:45 बजे तक सवा दो घंटे तक बत्ती बंद करा दी।
इससे लोग परेशान रहे। दावा किया गया कि पेड़ों की छंटाई का काम चल रहा था। जबकि लेसा में छह माह से पेड़ों की छंटाई एवं तारों की कसाई का ही काम चल रहा। उपखंड अधिकारी आरके मिश्र ने बताया कि जेई हरीओम ने बिजली बंदी के बारे में कोई सूचना नही दी।