Pilibhit News: निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत, डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप, परिजनों ने किया हंगामा
पीलीभीत के एक निजी अस्पताल में 53 वर्षीय महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने डॉक्टर और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने अस्पताल में हंगामा भी किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
शहर के वल्लभनगर निवासी पूनम अवस्थी दो अगस्त को गिरकर घायल हो गई थीं। परिजन उन्हें इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए। परिजनों का आरोप है कि वहां मौजूद स्टाफ ने डॉक्टर के उपलब्ध न होने की बात कहकर उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल भेज दिया।
ऑपरेशन के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत
परिजनों के अनुसार, तीन अगस्त की रात करीब 10:30 बजे पूनम को ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया। रात करीब 12:15 बजे डॉक्टर ने बाहर आकर बताया कि ऑपरेशन सफल रहा है और मरीज की हालत सामान्य है। परिजनों का आरोप है कि कुछ देर बाद ऑपरेशन थिएटर के बाहर अस्पताल स्टाफ की अचानक बढ़ी हलचल से उन्हें संदेह हुआ। जब वे अंदर पहुंचे तो डॉक्टरों ने मरीज को कार्डियक अरेस्ट आने की बात कही और उसे रेफर करने की तैयारी शुरू कर दी।
मेडिकल कॉलेज प्रबंधन पर सवाल
मृतका के बेटे विमल ने आरोप लगाया कि उनकी मां की मौत ऑपरेशन थिएटर के भीतर ही हो चुकी थी और बाद में रेफर करने का प्रयास केवल औपचारिकता था। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि मेडिकल कॉलेज में ऐसे लोग सक्रिय हैं, जो मरीजों को निजी अस्पतालों में भेजने का काम करते हैं।
घटना की सूचना मिलने पर मंगलवार सुबह शहर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों से तहरीर मिलने के बाद पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।