Pilibhit News: बारिश के बाद बढ़े सब्जियों के दाम, टमाटर 40 रुपये किलो, लहसुन 300 रुपये पार
पीलीभीत में हरी सब्जियों के दाम आसमान छूने लगे हैं। बारिश के बाद एकाएक दाम बढ़ गए हैं। जो टमाटर बारिश से 20 से 30 रुपये किलो बिक रहा था, वह अब 40 रुपये किलो मिल रहा है। सबसे अधिक लहसुन के दाम बढ़े हैं।
विस्तार
पीलीभीत में बारिश के बाद सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं। बारिश से पहले सब्जियों के दाम ठीकठाक थे, लेकिन अब सब्जियों पर महंगाई का असर दिखने लगा है। मैंथी, लहसुन, पालक, बथुआ जैसी सब्जियों के दाम अचानक बढ़ गए हैं। सबसे ज्यादा दाम लहसुन पर बढ़े हैं, यह 300 रुपये प्रतिकिलो तक बिक रहा है।
सर्दी का मौसम हरी सब्जियों के लिए काफी अच्छा माना जाता है। हरी सब्जियों में जैसे पालक, मैंथी, बथुआ आदि की अच्छी आवक होती है। अब तक मैंथी 40 रुपये प्रति किलो मिल रही थी, जो अब 60 रुपये प्रति किलो हो गई है। पालक 30 से 40 रुपये प्रति किलो हो गया है। अब तक यह 20-25 रुपये प्रति किलो था। अधिकांश सब्जियां 40 से 50 रुपये प्रति किलो हैं।
मटर 20 से 30 रुपये प्रति किलो थी, जो अब बढ़कर 40 से 50 रुपये प्रति किलो हो गई है। अदरक भी 60 रुपये प्रति किलो बिक रही है। टमाटर के दामों में भी इजाफा हुआ है। अब तक टमाटर 20-30 रुपये प्रतिकिलो था वो अब 40 रुपये प्रति किलो है। फूलगोभी कुछ दिन पहले तक 10 से 20 रुपये प्रति किलो थी, जो 30 से 40 रुपये प्रति किलो हो गया है।
सबसे ज्यादा लहसुन के दाम बढ़े
सर्दी में हरी सब्जी व साग में लहसुन खूब खाया जाता है। ऐसे में उसकी मांग भी बढ़ जाती है। लहसुन अब तक 120 से 160 रुपये प्रति किलो तक था। पिछले 10-15 दिन में लहसुन के दामों में एकाएक उछाल आ गया है। अब 300 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। वहीं भिंडी 60 रुपये प्रति किलो बिक रही है। इन सबको देखते हुए गाजर, मूली, धनिया के दाम अब भी ठीक हैं। गाजर 20 रुपये व मूली भी 20-25 रुपये प्रति किलो मिल रही है। हरा धनिया 40 रुपये प्रति किलो है।