पीलीभीत। शहर को साफ सुथरा और सुंदर बनाने के लिए डीएम की ओर से सौंदर्यीकरण कार्य कराया जा रहा है। बनकटी मोड, नकटादाना चौराहा पर 100 मीटर तक अतिक्रमण हटवाकर साज सज्जा कराने के बाद असम चौराहा, नौगवां चौराहा पर काम अभी चल रहा है। गौहनिया चौराहा पर भी कई दिनों से सौंदर्यीकरण चल रहा था। इसके लिए अवैध कब्जे भी हटवा दिए गए थे। चौराहा की सड़क भी चौड़ी कराई गई थी। बुधवार शाम को डीएम ने सौंदर्यीकरण के बाद चौराहे का उद्घाटन किया। पेड़ों की छंटनी, अतिक्रमण हटने के बाद कराई गई लाइटों की बेहतर व्यवस्था के बाद जब सौंदर्यीकरण हुआ तो चौराहा एक अलग रूप में दिखाई दिया। बिजली के पोलों पर तिरंगे की लाइट भी लगवाई गई हैं। यह आकर्षण का केंद्र बनी रही। चौराहा पर सीसीटीवी भी लगवाए गए हैं। इसके अलावा सांकेतिक बोर्ड भी लगा दिए गए। इसमें प्रमुख स्थानों पर जाने के मार्ग को इशारा किया गया है। कोरोना नियमों का पालन कराने के लिए लाउड स्पीकर की व्यवस्था की गई है। इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट अरुण कुमार सिंह, एसडीएम सदर अविनाश चंद्र मौर्य, एसडीएम योगेश कुमार, ईओ सुरेंद्र प्रताप, चेयरमैन पति प्रभात जायसवाल आदि मौजूद थे। संवाद