वीबी-जी राम जी योजना में घपला: पीलीभीत में एआई से फोटो अपलोड कर निकाली धनराशि, सीडीओ ने दिए जांच के आदेश
पीलीभीत जिले में वीबी-जी राम जी योजना में घपले का मामला सामने आया है। पूरनपुर ब्लॉक की 39 ग्राम पंचायतों में फर्जी हाजिरी लगाकर और एआई से बने फोटो अपलोड कर लाखों रुपये निकाले गए हैं। शासन स्तर से कराई गई जांच में इसका खुलासा हुआ है।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
ग्राम पंचायतों में ही श्रमिकों को रोजगार मिल सके। इसके लिए शासन स्तर से वीबी-जी राम जी योजना का संचालन किया जा रहा है। इस योजना के तहत श्रमिकों को गांव में काम दिया जा रहा है। इस योजना में बड़े पैमाने पर घोटाला सामने आया है। श्रमिकों की फर्जी हाजिरी लगाकर लाखों रुपये की धनराशि निकालकर उसका बंदरबाट किया जा रहा है।
ऐसे में पूरनपुर ब्लॉक क्षेत्र की करीब 39 ग्राम पंचायतों में एआई से बनाए गए फोटो को अपलोड कर श्रमिकों को दिखाकर लाखों रुपये का धनराशि निकाल ली गई। शासन स्तर से हुई जांच में मामला सामने आने पर मुख्यालय में उन ग्राम पंचायतों की सूची दी गई। इसके बाद सीडीओ ने मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन किया है।
इन ग्राम पंचायतों में निकाली गई है धनराशि
विभागीय अफसरों के अनुसार पूरनपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत माधोटांडा, जमुनिया जगतपुर, नहरोसा, गुलड़िया भूपसिंह, मथना जप्ती, हरीपुर कला, कबीरगंज सहित 39 ग्राम पंचायतों में इस तरह की गड़बड़ी की गई है। इसको लेकर अफसरों की ओर से जांच शुरू कर दी गई है।
अधिकांश ग्राम पंचायतों में चल रहा खेल
वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत अधिकांश ग्राम पंचायतों में खेल चल रहा है। गांव में काम के नाम एक ही फोटो कई-कई बार अपलोड कर रुपया निकाला जा रहा है। इसको लेकर मनरेगा लोकपाल की ओर से कई खुलासे भी किए गए, लेकिन सभी मामलों की फाइलें को दबा दिया गया।
सीडीओ सतीश प्रसाद मिश्र ने बताया कि शासन स्तर से हुई जांच में मामला संज्ञान में आया है। पूरे मामले की जानकारी तीन सदस्यीय टीम का गठन कर जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के बाद संबंधित पर विभागीय स्तर से कार्रवाई की जाएगी।