Pilibhit News: सरकारी स्कूल में कक्षा पांच की छात्रा से छेड़खानी, प्रधानाचार्य निलंबित, रिपोर्ट दर्ज
पीलीभीत जिले के एक प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाचार्य ने कक्षा पांच की छात्रा से छेड़खानी की। शिकायत मिलने पर आरोपी प्रधानाचार्य को निलंबित कर दिया गया। वहीं पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर उसे हिरासत में लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत के विकासखंड मरौरी क्षेत्र के एक गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच की छात्रा से छेड़खानी का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही बीएसए रोशनी सिंह ने आरोपी प्रधानाचार्य को निलंबित कर मामले की जांच शुरू करा दी है। वहीं, रविवार शाम पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी प्रधानाचार्य को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना 14 मई की है। आरोप है कि विद्यालय में तैनात प्रधानाचार्य मोहनस्वरूप ने कक्षा पांच में पढ़ने वाली नौ वर्षीय छात्रा के साथ छेड़खानी कर अश्लील हरकतें कीं। घर पहुंचने पर छात्रा ने अपने साथ हुई घटना की जानकारी परिजनों को दी। मामला सामने आते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंच गए और आरोपी शिक्षक के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जमकर हंगामा किया।
बताया जा रहा है कि आरोपी शिक्षक ने ग्रामीणों के सामने हाथ जोड़कर अपनी गलती के लिए माफी मांगी। इसके बाद मामला शांत हो गया था। इधर, शनिवार को मामला बीएसए रोशनी सिंह के संज्ञान में आया। इसपर उन्होंने मरौरी के खंड शिक्षा अधिकारी से जांच कराई। प्रथम दृष्ट्या मामला सही पाए जाने पर आरोपी प्रधानाचार्य को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की गई।
पहले भी तीन से चार छात्राओं से छेड़खानी का आरोप
रविवार को पीड़ित पक्ष की ओर से गजरौला थाने में तहरीर दी गई। पीड़िता छात्रा के रिश्ते के चाचा ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया। तहरीर में यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पूर्व में भी तीन-चार छात्राओं के साथ ऐसी हरकत कर चुका है। पुलिस ने मामले में पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। थाना प्रभारी ब्रजवीर सिंह ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। आरोपी प्रधानाचार्य मोहनस्वरूप मूल रूप से बरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम फूटा कुआं का निवासी है। वर्तमान में सुनगढ़ी क्षेत्र की रामवाटिका कॉलोनी में रह रहा है।