पीलीभीत। गांधी स्टेडियम में आयोजित बरेली जोन की 13वीं अंतरजनपदीय पुलिस आर्चरी प्रतियोगिता 2026 का शुक्रवार को समापन हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न जनपदों की टीमों ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन किया। इसमें पुरुष वर्ग में पीलीभीत की टीम विजेता रहीं, जबकि महिला वर्ग में शाहजहांपुर की टीम ने बाजी मारी।
प्रतियोगिता का उद्घाटन बृहस्पतिवार को एएसपी विक्रम दहिया ने किया था। इसमें बरेली जोन के छह जनपदों में पीलीभीत, शाहजहांपुर, रामपुर, बदायूं, मुरादाबाद और अमरोहा की टीमों ने हिस्सा लिया। दो दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष वर्ग के मुकाबले में पीलीभीत की टीम ने बदायूं को पराजित कर चल वैजयंती ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं, महिला वर्ग में शाहजहांपुर की टीम ने पीलीभीत को हराकर खिताब हासिल किया। व्यक्तिगत प्रदर्शन की बात करें तो पुरुष वर्ग में बदायूं के अरुण कुमार को सर्वश्रेष्ठ आर्चर चुना गया। वहीं, महिला वर्ग में शाहजहांपुर की सोनम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सर्वश्रेष्ठ आर्चर का खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता का समापन सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नताशा गोयल ने किया। आयोजन को निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में रेफरी अमन कुमार और प्रमोद पंत की अहम भूमिका रही। इसके साथ ही जिला क्रीड़ा अधिकारी जयवीर सिंह ने विचार रखे। संवाद