नगर के मछली, मुर्गा, मीट विक्रेताओं ने दुकानें बंद कराने के विरोध में शुक्रवार को नगर के ब्लाक चौराहे पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद एसडीएम कार्यालय और सीओ को ज्ञापन देकर दुकानों में मीट बिक्री की अनुमति दिलाने की मांग की। व्यापारी नेता हाजी लाडले के नेतृत्व में नगर के मीट दुकानदार ब्लाक चौराहा पर एकत्र हुए और मछली, मुर्गा, मीट का धंधा बंद कराने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रदेश सरकार की ओर से बूचड़खानों को बंद कराने के आदेश किए गए हैं, लेकिन पुलिस उनकी दुकानें भी बंद करवा दी। इससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने दुकानों के आगे शीशे लगवाकर सामने से दुकानें बंद करवाने पर कारोबार करने की अनुमति की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम कार्यालय में और सीओ से मिलकर समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन करने वालों में इंतजार खां, शाहरूख खां, निजामुद्दीन, रामकुमार, महमूद, मिथलेश, कमलेश, मोहम्मद आले हसन, मोहम्मद शफी, आसिफ, मशरूर, फिरदौस आदि मछली, मुर्गा मीट व्यापारी थे। उधर, एसएसआई एमएम विष्ट ने बताया कि बगैर पंजीकृत मीट की दुकानों को बंद कराने के आदेश पर दुकानों को बंद कराया गया। दुकानें सार्वजनिक स्थानों पर थीं, जिन पर खुलेआम मीट काटा जा रहा था।