पीलीभीत: मझोला नगर पंचायत के चेयरमैन को मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच
नगर पंचायत मझोला-गुलड़िया भिंडारा के चेयरमैन निशांत प्रताप सिंह को जान से मारने की धमकी मिली है। चेयरमैन ने पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा मांगी, जिसके बाद एक पुलिसकर्मी तैनात किया गया। वहीं पुलिस ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है।
विस्तार
पीलीभीत की नगर पंचायत मझोला-गुलड़िया भिंडारा के चेयरमैन निशांत प्रताप सिंह को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। उनके परिचित ने सोमवार रात को फोन कर कुछ संदिग्ध लोगों द्वारा उनकी गतिविधियों और आने-जाने की जानकारी जुटाए जाने की बात कही। इसके बाद चेयरमैन ने एसपी सुकीर्ति माधव को पूरे मामले से अवगत कराते हुए अपनी सुरक्षा की मांग की। एसपी के निर्देश पर उनकी सुरक्षा में एक पुलिसकर्मी तैनात किया गया है। निशांत प्रताप सिंह भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव प्रताप सिंह के छोटे भाई हैं।
नगर पंचायत के वार्ड नंबर चार निवासी एक व्यक्ति ने सोमवार को निशांत प्रताप सिंह को फोन किया। उन्होंने चेयरमैन को सतर्क रहने की सलाह देते हुए बताया कि कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग उनके बारे में जानकारी जुटाकर उनकी हत्या की साजिश रच रहे हैं। परिचित से मिली सूचना के बाद चेयरमैन ने तत्काल नूरिया थाना प्रभारी दिगंबर सिंह और मझोला चौकी प्रभारी सुधीर कुमार को घटनाक्रम बताया।
इसके बाद उन्होंने परिवार के सदस्यों और करीबियों को भी मामले की जानकारी दी। चेयरमैन ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर सुरक्षा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने उनकी सुरक्षा के लिए एक कर्मी तैनात कर दिया।
उत्तराखंड में संदिग्धों की तलाश
पुलिस अब हत्या की साजिश की सूचना के स्रोत और उसमें बताए गए संदिग्ध लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस की एक टीम उत्तराखंड में संभावित ठिकानों पर दबिश देकर संदिग्ध गिरोह की तलाश कर रही है। साथ ही फोन पर चेतावनी देने वाले व्यक्ति से भी जानकारी ली जा रही है, ताकि सूचना की वास्तविकता सामने आ सके।
एएसपी हिमांशु गौरव ने बताया कि मझोला चेयरमैन को धमकी देने का मामला संज्ञान आया है। इस पूरे मामले की पुलिस टीम जांच कर रही है। अभी तक की जांच में किसी का नाम सामने नहीं आया है। इस मामले में जो भी संलिप्त मिलेगा उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।