Pilibhit News: दरोगा बोला- तुम बैरियर पार कर देखो...हम हाथ तोड़ देंगे; मतदान केंद्र के बाहर हुआ हंगामा
दरोगा ने मतदाता से कहा कि अगर बैरियर के इधर आए तो हाथ तोड़ दूंगा। इसी बात पर हंगामा हो गया। सूचना पर कोतवाल पहुंच गए। इसके बाद बैरियर हटा दिया गया।
विस्तार
पीलीभीत में पुरानी तहसील के मतदान केंद्र पर मतदान के दौरान बृहस्पतिवार को हंगामा हो गया। दरअसल एक मतदाता बैरियर को पार करने लगा। इस बीच एक दरोगा से नोकझोंक हो गई। दरोगा ने गुस्से में आकर बोल दिया-इधर आए तो हाथ तोड़ दूंगा। प्रत्याशी भी इस मौके पर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया।
मतदान के दौरान दोपहर करीब साढ़े बारह बजे पुरानी तहसील में वोट पड़ रहे थे। पुलिस ने पुरानी तहसील के पास बैरियर लगाकर एक रास्ते को पूरी तरह बंद कर दिया था। उसी रास्ते से एक मतदाता वोट डालने के लिए केंद्र की ओर बढ़ा, ड्यूटी में लगे दरोगा सुशील कुमार ने उसे रोकना चाहा। मतदाता नहीं रुका, दोनों में कहासुनी होने लगी।
कोतवाल ने हटवाया बैरियर
दरोगा ने मतदाता से कहा कि अगर बैरियर के इधर आए तो हाथ तोड़ दूंगा। इसी बात पर हंगामा हो गया। इसकी जानकारी प्रत्याशी को हुई तो वह मौके पर पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर कोतवाल नरेश त्यागी पुलिस बल के साथ पहुंचे और बातचीत की, लोगों ने बैरियर हटवाने की मांग की। इस पर कोतवाल ने बैरियर हटवा दिया। कोतवाल ने बताया कि दरोगा गैर जनपद से आए थे, मामला शांत करा दिया गया है।
बिस्तर पर प्रत्याशी के लगे मिले पोस्टर
निकाय चुनाव में मतदान के दिन भी प्रत्याशी एक-दूसरे पर आरोप लगाते लगाने से नहीं चूके। सुबह नई बस्ती में भाजपा उम्मीदवार का बिस्तर लगा हुआ था। यहां पर बस्ते पर भाजपा के चुनाव चिह्न के पोस्टर लगे थे। यह देखकर वहां पर निर्दलीय उम्मीदवार समर्थकों के साथ पहुंच गए।
उन्होंने इसकी अधिकारियों को सूचना दी। सूचना पर सिटी मजिस्ट्रेट पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को आता देखकर समर्थकों ने प्रचार सामग्री को हटाकर छिपा दिया। थैलों पर लगे पोस्टर हटाने शुरू कर दिए। इसपर अधिकारियों ने कड़ी चेतावनी दी।