दूल्हे के चचेरे भाई की मौत: पीलीभीत में शादी में जाते समय पेड़ से टकराई बाइक, दो बराती गंभीर घायल
Pilibhit News: पीलीभीत के बिलसंडा थाना क्षेत्र में मंगलवार की रात सड़क हादसा हो गया। बरात में आ रहे दूल्हे के तहेरे भाई की बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई, जिससे उसकी मौत हो गई। दो बराती घायल हो गए।
विस्तार
पीलीभीत के करेली थाना क्षेत्र में शादी में शामिल होने बरात के साथ आ रहे बाइक सवार दूल्हे के तहेरे भाई की सड़क हादसे में मौत हो गई, जबकि दो अन्य बराती घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार दिया।
हादसा मंगलवार देर रात करेली थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के पास हुआ। शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र के गांव अर्जुनपुर निवासी सचिन उर्फ सनी (19) पुत्र राजेश के तहेरे भाई हरिओम की मंगलवार रात बिलसंडा ब्लॉक के भितिया गांव निवासी युवती के यहां बरात आ रही थी। सचिन बाइक से बरात के आगे चल रहा था।
हादसे में सचिन समेत तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर हालत में तीनों को सीएचसी बिलसंडा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने सचिन को मृतक घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए भेजा गया। सूचना पर थाना पुलिस सीएचसी पहुंची, लेकिन परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि पंचनामा भरकर शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
यह भी पढ़ें- UP: 'मैं पाकिस्तान नहीं जाऊंगी... शौहर और बच्चे ही मेरी दुनिया', सानिया को है कोर्ट के इस फैसले का इंतजार
गमगीन माहौल में हुईं रस्में
हादसे में सचिन की मौत से बरातियों में हड़कंप मच गया। हंसी खुशी सभी बरात लेकर आ रहे थे। सचिन की मौत और दो अन्य के घायल होने के बाद खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों में कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में दूल्हे को गांव लाकर शादी की रस्में पूरी कराई गईं।