अमरिया। नदी-तालाबों से निकलकर आबादी क्षेत्र में पहुंच रहे मगरमच्छों की दस्तक कम होने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार की रात देवहा नदी से निकलकर एक मगरमच्छ गांव भिकारीपुर में ग्रामीण के घर के अंदर घुस गया। परिवार के लोगों की नजर जब मगरमच्छ पर पड़ी तो खलबली मच गई। सूचना पर मौके पर पहुंचे वनकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर मगरमच्छ को भरा पचपेड़ा क्षेत्र में बहने वाली नदी में छोड़ दिया।
तहसील अमरिया क्षेत्र से गुजरने वाली अप्सरा और देवहा नदी के बीच बड़ी संख्या में मगरमच्छ मौजूद हैं। बुधवार देर रात देवहा नदी से निकलकर एक मगरमच्छ गांव भिकारीपुर गांव के निवासी राजेंद्र प्रसाद के घर में घुस गया। मगरमच्छ को घर के अंदर देख परिवार के लोगों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर वन विभाग के डिप्टी रेंजर देवेंद्र पाल सिंह, शैलेंद्र कुमार, गौरव, चेतन कुमार, राजीव ढाली मौके पर पहुंचे। डिप्टी रेंजर देवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि मगरमच्छ को रेस्क्यू करने के बाद गांव भरा पचपेड़ा क्षेत्र में बहने वाली नदी में छोड़ दिया गया।