{"_id":"bd50e6a1817b8f15ebcd5b64e98d9b4c","slug":"sp-housing-front-two-locations-theft-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"एसपी आवास के सामने दो स्थानों पर चोरी","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
एसपी आवास के सामने दो स्थानों पर चोरी
Pilibhit
Updated Thu, 15 Oct 2015 10:45 PM IST
विज्ञापन
सबसे सुरक्षित माने जाने वाला एसपी बंगले के आसपास का क्षेत्र असुरक्षित है। चोरों ने एसपी बंगले के ठीक सामने स्थित एक टायर के गोदाम का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया। दूसरी घटना सिविल लाइन में हुई। मोहल्ला निवासी मोहम्मद सुल्तान के घर का ताला तोड़कर चोर नगदी-जेवर समेत एक लाख का सामान बटोर ले गए। दोनों घटना स्थलों पर शहर कोतवाली पुलिस पहुंची और मुआयना किया, लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
विज्ञापन
टनकपुर हाइवे पर बेनहर चौराहा से नकटादाना चौराहा के बीच एसपी आवास है। इस वजह से इस बीच का क्षेत्र काफी सुरक्षित माना जाता है, लेकिन चोरों ने पुलिस को चुनौती देते हुए एसपी बंगले के ठीक सामने स्थित मोहल्ला भूरे खां निवासी शरीफ खां के गोदाम का ताला तोड़ दिया। गोदाम स्वामी ने बताया कि चोर गोदाम से रिम सहित चार स्टेपनी, 50 ट्यूब, बिक्री के 10 टायर समेत करीब 50 हजार रुपये का सामान चोरी कर ले गए। गोदाम मालिक जब सुबह गोदाम पर पहुंचा को ताला टूटा मिला। पड़ोस में एक चाभी का गुच्छा भी पड़ा देखा। एसपी बंगले के सामने चोरी होने की सूचना पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। दूसरी वारदात केजीएन कॉलोनी से सटे सिविल लाइन में हुई। सिविल लाइन निवासी मोहम्मद सुल्तान ने बताया कि उनकी मकान में ही परचून की दुकान है। वह मोहल्ले में ही रहने वाले अपने मौसेरे भाई बॉबी की बारात में परिवार समेत शामिल होने गए थे। घर पर ताला पड़ा था। सुबह चार बजे जब वापस लौटे तो देखा मेन गेट का ताला टूटा पड़ा था। उन्होंने इसकी सूचना शहर कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। गृहस्वामी ने बताया कि चोर घर में रखे 35 हजार रुपये, दो सोने के हार, दुकान से 30 हजार रुपये का सामान सहित करीब एक लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। दोनों घटनाओं की तहरीर पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। शहर कोतवाल संग्राम सिंह ने बताया कि गोदाम में हुई चोरी की तहरीर मिली है। जिसकी जांच कराई जा रही है। गृहस्वामी ने सूचना तो दी थी, लेकिन तहरीर नहीं दी है।
विज्ञापन
महिला से चेन लूटने का प्रयास
पीलीभीत। सीतापुर जिले के थाना व कसबा हरगांव निवासी शिवशंकर की पत्नी लक्ष्मी देवी ने बताया कि उनकी पुत्री शहर में ब्याही है। प्रसव होने के कारण पुत्री जिला महिला अस्पताल में भर्ती थी। दो दिन पहले वह पुत्री को देखने पीलीभीत आईं थी। घर वापस जाने के लिए वह पुत्र के साथ बुधवार की रात करीब साढ़े नौ बजे पैदल स्टेशन जा रहीं थीं। चीनी मिल के पास पीछे से बाइक पर सवार होकर आए दो उचक्कों ने गले पर झपट्टा मार दिया, लेकिन सोने की चेन लूटने में असफल रहे। इसी बीच सामने से आ रही नीली बत्ती लगी कार को देखकर उचक्के पीछे मुड़कर भाग निकले। सूचना पर पवन मोबाइल भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने उचक्कों की तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका।
विज्ञापन