बरेली: प्रेम विवाह के बाद मायके आई युवती को परिजनों ने बनाया बंधक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दूसरे समुदाय के युवक से प्रेम विवाह करना एक युवती को इतना भारी पड़ गया कि शादी के बाद पहली बार मायके पहुंचने पर मायके वालों ने उसे घर में ही बंधक बना लिया। युवती को ससुराल न जाने के लिए धमकी दी गई। ढाई महीने तक घर में बंद रहने के बाद एक दिन मौका मिलते ही युवती चुपचाप घर से भाग निकली तो मायके वालों ने रास्ते में पकड़कर पिटाई कर दी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले में हस्तक्षेप किया और युवती समेत मायके वालों को थाने ले गई। थाने पहुंचे पति ने युवती से कोर्ट मैरिज के कागजात दिखाए, जिसके आधार पर पुलिस ने युवती को उसके पति के सुपुर्द कर दिया।
मूलरूप से अमरिया क्षेत्र की रहने वाली 25 वर्षीय युवती ने बताया कि उसका परिवार शहर में बस गया है। वह पूरनपुर के एक कॉलेज से बीटेक कर रही थी। वहां उसके साथ ही शाहजहांपुर के बंडा निवासी दूसरे समुदाय का एक युवक पढ़ता था। वहीं दोनों की मुलाकात हुई, जो बाद में प्रेम प्रसंग में बदल गई। 27 फरवरी को युवती ने घर से भाग कर उससे कोर्ट मैरिज कर ली थी।
इधर, मायके वालों ने युवती की सुनगढ़ी थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी थी। दस जुलाई को युवती अचानक अपने मायके पहुंच गई। आरोप है कि कुछ दिन मायके में रहने के बाद उसने पति के घर जाने की बात कही तो मायके वाले नाराज हो गए और उसे बंधक बना लिया। उस पर नजर रखी जाने लगी और घर से बाहर जाने पर भी रोक लग गई।
ससुराल जाने को कहने पर उसके साथ मारपीट की जाने लगी। शनिवार रात दस बजे मौका मिलने पर युवती चुपचाप मायके से निकलकर भाग गई। टनकपुर हाईवे पर नेहरू पार्क के पास पहुंचते ही पीछे से मायके वाले पहुंच गए और वहीं उसकी पिटाई कर दी। राहगीरों से सूचना मिलने पर कोतवाल श्रीकांत द्विवेदी मौके पर पहुंचे और युवती को कोतवाली ले गए। उसके पति को भी बुला लिया गया।
पति ने कोर्ट मैरिज के कागजात दिखाए। युवती ने भी पति के संग जाने की बात कही। हालांकि मायके वालों का कहना था कि युवती ससुराल वालों के प्रताड़ित करने के कारण उनके पास आई थी। उन्होंने बंधक बनाने का आरोप निराधार बताया। सीओ सिटी धर्म सिंह मार्छाल ने बताया कि युवती को उसके बयान लेकर पति की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।हालांकि युवती ने मायके वालों पर किसी तरह की कार्रवाई करने से इनकार कर दिया।