Pilibhit News: पिता को बीमार ने घेरा तो तनाव में बेटे ने कर ली आत्महत्या, कोरोना काल में हो चुकी है मां की मौत
पीलीभीत के मोहल्ला डालचंद में बीएससी के छात्र का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। बताया गया है कि उसके शिक्षक पिता बीमार रहते हैं। मां की मौत हो चुकी है। जिससे वह तनाव में रहता था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पीलीभीत के मोहल्ला डालचंद में बीएससी के छात्र हर्ष सक्सेना (20) ने रस्सी से फंदा लगाकर जान दे दी। उसका शव बुधवार दोपहर को घर के कमरे में लटका मिला। परिजन को घर पहुंचने के बाद घटना की जानकारी हो सकी। आत्महत्या के पीछे पिता के बीमार रहने से छात्र के तनाव में आने की बात बताई गई। परिजन ने पुलिस को सूचना नहीं दी।
शहर के मोहल्ला डालचंद निवासी राजेश सक्सेना संतराम सरस्वती शिशु मंदिर में आचार्य पद पर तैनात हैं। उनके परिवार में एक पुत्री वंशिका के अलावा इकलौता पुत्र हर्ष सक्सेना था। पुत्र हर्ष बीएससी द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। जबकि पुत्री प्राइवेट स्कूल में पढ़ाती है। कोरोना काल में शिक्षक की पत्नी की मौत हो गई। इसके बाद से शिक्षक लगातार बीमार रहने लगे। वह दिल की समस्या से पीड़ित हैं।
शिक्षक पिता रहते हैं बीमार
बताते हैं कि पिता के बीमार रहने से हर्ष तनाव में रहने लगा था। बुधवार सुबह हर्ष पहले पिता राजेश को स्कूल छोड़ने गया। इसके बाद घर आकर बहन को उसके स्कूल छोड़ा। दोपहर करीब दो बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद बहन वंशिका घर पहुंची। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा खुलवाने के काफी प्रयास किए, काफी देर बाद जब कोई हलचल नहीं हुई तो पड़ोस के लोगों को बताया।
पड़ोसियों ने छत के रास्ते घर में घुसकर दरवाजा खोला। घर के अंदर घुसने के बाद कमरे में जाकर देखा तो हर्ष फंदे से लटका मिला। रस्सी के फंदे से लटककर उसने आत्महत्या कर ली थी। भाई को फंदे से लटका देख वंशिका बदहवास हो गई। कुछ देर बाद पिता राजेश भी घर पहुंच गए। पुत्र की मौत से वह टूट गए। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। जानकारी के बाद स्कूल का स्टाफ घर पहुंच गया।