बीसलपुर। पीलीभीत रोड पर एक कॉलेज गेट पर सोमवार को सुबह ट्रक की चपेट में आकर एक छात्रा की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया।
मोहल्ला ग्यासपुर निवासी जाबिर हुसैन ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री अलीसा फातिमा नगर के बालाजी गर्ल्स इंटर कॉलेज में कक्षा 10 की छात्रा थी। सोमवार को सुबह लगभग आठ बजे अलीसा साइकिल से कॉलेज पढ़ने जा रही थी। कॉलेज गेट पर ही पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। टक्कर होने के बाद चालक ट्रक मौके पर छोड़कर भाग गया। घायल छात्रा को कॉलेज स्टाफ के लोग उठाकर कॉलेज ले आए। इसी बीच सूचना मिलने पर छात्रा के परिजन भी आ गए। परिजन छात्रा को उसी समय बरेली के एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए, जहां कुछ ही देर बाद उपचार के दौरान छात्रा की मौत हो गई। बरेली पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शाम को शव परिजनों को सौंप दिया। देरशाम गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस हादसे को लेकर विद्यालय में शोक सभा करने के बाद अवकाश कर दिया गया। मृतक के पिता जाबिर हुसैन, मां यासमीन बेगम, भाई अनस, फरहान और बहन आलिया फातिमा का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है। अलीसा अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। जाबिर हुसैन ने बताया कि करीब आठ वर्ष पूर्व अलीसा की बड़ी बहन बुसरा फातिमा का चीनी मिल रोड पर मेटाडोर की टक्कर लगने से मौत हो गई थी। ट्रक पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। तहरीर न मिल पाने के कारण पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज नहीं ही है। कोतवाल नरेश त्यागी ने बताया कि तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।