फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Pilibhit News ›   हाथों में लैपटॉप, आंखों में ऊंची उड़ान के सपने

हाथों में लैपटॉप, आंखों में ऊंची उड़ान के सपने

Tue, 20 Aug 2013 05:34 AM IST
Pilibhit
Pilibhit Updated Tue, 20 Aug 2013 05:34 AM IST
विज्ञापन
पीलीभीत। इंटर पास छात्र-छात्राओं को सोमवार को पंचायतराज मंत्री बलराम यादव व खादी ग्रामोद्योग राज्यमंत्री हाजी रियाज अहमद ने लैपटॉप वितरित किए। लाभार्थियों के हाथों में लैपटॉप आते ही आंखों में ऊंची उड़ान के सपने तैरते नजर आए।
विज्ञापन

मंडी समिति में बने विशाल पंडाल में सपा सरकार की इंटर पास छात्र-छात्राओं को मुफ्त लैपटॉप वितरित किए जाने की महत्वाकांक्षी योजना ने मूर्त रूप लिया। शहर के उपाधि महाविद्यालय के 889, रामलुभाई साहनी राजकीय महिला महाविद्यालय के 222, दुग्धेश्वर संस्कृत महाविद्यालय के 23, सर चश्मा-ए-हिदायत अल जामेतुल रजविया मदीनतुल इस्लाम के 15, आईटीआई के तीन, भगवती दुर्गा संस्कृत महाविद्यालय सिंधौरा के 86 और राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बीसलपुर के 674 छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए गए। इससे पूर्व दीप प्रज्ज्वलन से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। पंचायत राज मंत्री बलराम यादव का डीएम अदिति सिंह, खादी ग्रामोद्योग राज्यमंत्री ही रियाज अहमद का एसपी एन कोलांची, विधायक हेमराज वर्मा का सीडीओ धर्मचंद्र त्रिपाठी, विधायक पीतमराम का एडीएम आनंद कुमार और जिला पंचायत अध्यक्ष रुकैय्या बी का डीआईओएस डॉ पवन कुमार सचान ने बुके देकर स्वागत किया।
विज्ञापन

जीजीआईसी की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन उपाधि महाविद्यालय के प्रवक्ता डॉ प्रणव शास्त्री ने किया।

कार्यक्रम में हुआ आंशिक परिवर्तन
कार्यक्रम का संचालन कर रहे डॉ प्रणव शास्त्री ने दीप प्रज्ज्वलन के बाद सबसे पहले कार्यक्रम संयोजक डीएम अदिति सिंह को माइक पर बुलाया। उनकी स्पीच होने के बाद संचालक ने लैपटॉप वितरण के लिए अरेंजर, कैरियर और वितरकों से दायित्व निभाने का आग्रह कर दिया। कुछ ही लम्हों बाद उन्होंने कार्यक्रम में आंशिक परिवर्तन की घोषणा करते हुए उदबोधन के लिए मुख्य अतिथि को माइक पर आमंत्रित कर लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


यह रहे मंचासीन
लैपटॉप वितरण समारोह में मुख्य अतिथि पंचायतराज मंत्री बलराम यादव, अध्यक्षता कर रहे खादी ग्रामोद्योग राज्यमंत्री हाजी रियाज अहमद, पूरनपुर विधायक पीतमराम, बरखेड़ा विधायक हेमराज वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रुकैय्या बी, डीएम अदिति सिंह, एसपी एन कोलांचि, एडीएम आनंद कुमार, सपा अध्यक्ष आनंद सिंह यादव, लोकसभा प्रत्याशी बुद्धसेन वर्मा, मोहम्मद आरिफ, को-ऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष लक्ष्मी देवी यादव व सपा शहर अध्यक्ष अकबर अंसारी मौजूद रहे।
पहले बांटे गए लैपटॉप बैग
समारोह में शामिल होने आ रहे लाभार्थियों को पंक्ति प्रभारियों ने सबसे पहले उनके लिए नियत कुर्सियों तक पहुंचाकर उनकी उपस्थिति दर्ज की। इसके बाद क्रम से सभी को बैंगलोर से मंगाए गए लैपटॉप बैग वितरित किए गए।

पहले चरण में बंटे 1886 लैपटॉप
लैपटॉप वितरित करने के लिए शिक्षा विभाग ने कुल 5297 लाभार्थियों का चयन किया था। इनमें से पहले चरण में सोमवार को 1915 लाभार्थियों को लैपटॉप दिए जाने थे। उपाधि महाविद्यालय के तीन लाभार्थियों पर आपत्ति के बाद सूची में 1912 लाभार्थियों के नाम रह गए। इनमें 1242 छात्राएं और 673 छात्र थे। 26 लाभार्थियों के अनुपस्थित रहने के बाद 1886 छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए गए। शेष 3582 लाभार्थियों को दूसरे चरण में लैपटॉप वितरित किए जाएंगे।

शून्य ब्लॉक में मुख्य अतिथि ने बांटे लैपटॉप
लैपटॉप वितरण के कुल 73 पंक्तियों में लाभार्थियों को बैठाने की व्यवस्था की गई थी। प्रथम दो पंक्तियों को शून्य ब्लॉक का दर्जा दिया गया था। इस ब्लॉक में समुदायों की प्रतिभागिता को संतुलित करते हुए सभी कॉलेजों के 60 लाभार्थियों को बैठाया गया था। मुख्य अतिथि श्री यादव और समारोह अध्यक्ष श्री अहमद ने सबसे पहला लैपटॉप बीसलपुर के उमेश कुमार को दिया। इसके बाद क्रम से सभी 60 लाभार्थियों को लैपटॉप दिए। शेष पंक्तियों में पंक्ति प्रभारियों ने लैपटॉप पहुंचाए।

सीटों तक पहुंचाए भोजन पैकेट

समारोह में शामिल होने आए लोगों के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई थी। भोजन के पैकेट लाभार्थियों की सीटों तक पहुंचाए गए। भोजन में लाभार्थियों को पूड़ी के साथ आलू मटर की सब्जी, अचार और लड्डू दिए गए। डीएसओ नसीम अख्तर अपने स्टाफ के साथ व्यवस्था में लगे रहे।

चार घंटे की चटक धूप में पानी को तरसे

लैपटॉप वितरण समारोह में लाभार्थी सुबह आठ बजे से ही पहुंचना शुरू हो गए थे। 12 बजे तक चले कार्यक्रम में लाभार्थी पंडाल में डटे रहे। पंडाल में पंखे लगे होने के बाद भी चटक धूप में सभी पसीने से सराबोर रहे। कोई हाथ का पंखा झलता नजर आया तो किसी को छतरी के सहारे धूप रोकना पड़ी। पंडाल में बैठे लाभार्थियों तक पीने को पानी नहीं पहुंच पाया। पानी के लिए बाहर जा पाना लाभार्थियों के लिए मुमकिन नहीं था।

पालिका के पेयजल को बनाया मिनरल

समारोह में पेयजल व्यवस्था के लिए मेजें लगाकर वाटर कूलर रखवाए गए थे। समारोह स्थल तक जो भी पहुंचता वह सबसे पहले वहां पहुंचकर पानी ही पीता नजर आया। वाटर कूलर का पानी समारोह शुरू होने से पहले ही खत्म हो गया तो कर्मचारी ने पास खडे़ नगर पालिका के पेयजल वाहन से वाटर कूलर भरना शुरू कर दिए।

किसने क्या कहा.....
उप्र बन रहा है उत्तम प्रदेश: डीएम

लैपटॉप वितरण समारोह में सबसे पहले डीएम अदिति सिंह ने माइक संभालते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के संचालन से उ.प्र. उत्तम, प्रदेश बनने के मार्ग पर अग्रसर है। छात्र-छात्राओं को लैपटॉप दिए जाने की सरकार की महत्वाकांक्षी योजना को अमली जामा पहनाया जा सका है। बच्चे तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़े, यही
तरक्की की दौड़ में युवा भी शामिल: हेमराज

विधायक हेमराज वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का सपना अपने राज्य के नौजवानों को दुनियां के नौजवानों के बराबर खड़ा करने का रहा है। लैपटॉप वितरण योजना का मकसद भी यही था कि तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए नौजवानों को किसी तरह की दिक्कत न आने पाए। बोले, प्रदेश तरक्की के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। युवाओं को भी तरक्की की इस दौड़ में शामिल किया गया है।

हरेक की जरूरत पूरी कर रही सरकार: रियाज

खादी ग्रामोद्योग राज्यमंत्री हाजी रियाज अहमद ने कहा कि सूबे की सरकार हर वर्ग की तरक्की चाहती है। इसलिए उनकी जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाई और संचालित की जा रही हैं। युवाओं को पढ़ाई के बाद रोजगार के मैदान में उतरना है। आधुनिकता के दौर में कंप्यूटर शिक्षा अनिवार्य बन गई है। सरकार ने इंटर पास करने वाले छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देने का फैसला इसी जरूरत को ध्यान में रखकर लिया। सरकार सबके हित में काम कर रही है।

देने का वादा किया तो निभाया भी: बलराम

पंचायतराज मंत्री बलराम यादव ने कहा कि सपा वायदे करती ही नहीं निभाती भी है। सरकार बनने के बाद से ही इसकी शुरूआत हो चुकी है। कन्या विद्या धन, हमारी बेटी उसका कल, पढ़ें बेटियां बढ़ें बेटियां जैसे महत्वपूर्ण योजनाओं से नौजवानों को लाभान्वित करने के बाद आज लैपटॉप वितरण किया जा रहा है। सरकार समृद्धि और समता के सिद्धांतों पर आगे बढ़ रही है। देने का वायदा किया तो पूरी ईमानदारी से उसे निभाया भी जा रहा है। अंत में उन्होंने सभी को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।


लैपटॉप पाकर खुशी से झूम उठे छात्र-छात्राएं
पीलीभीत। लैपटॉप लेकर कृषि उत्पादन मंडी समिति से निकले छात्र-छात्राओं की खुशी चेहरे पर देखते ही बन रही थी। वह जल्द से जल्द घर पहुंचकर लैपटॉप खोलकर चलाने की उत्सुक थी। ऐसा लगा रहा था, जैसे उन्होंने बहुत बड़ी सफलता हासिल की हो। दिल में उमंग थी, उत्साह था और जोश था। कि वह अब इसके सहारे कुछ नया करके दिखाएंगे। ऐसा लग रहा था कि जैसे वह सब कहना चाह रहे हाें आज मैं ऊपर आसमां नीचे......

सपना पूरा हुआ
लंबे समय के बाद लैपटॉप मिलना सपना पूरा होने जैसा है। पढ़ाई के साथ इसे कई कामों में प्रयोग किया जा सकता है। पूरे परिवार के काम आएगा।
- योगेश कुमार

अपार खुशी हुई
लैपटॉप पाने के बाद जो खुशी हुई है उसे बयां नहीं किया जा सकता। इस पर मै तो काम करूंगी ही साथ ही अपने भाई-बहन को भी सिखाऊंगी।
जेना बी


कंप्यूटर कोर्स सीखूंगी
अभी सोचा नहीं है, कि लैपटॉप से क्या करना है। अब मैं भी कंप्यूटर कोर्स सीखूंगी। छात्राओं को आत्मनिर्भर में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। - अनीता देवी

लैपटॉप सभी की जरूरत
सूचना प्रौद्योगिकी के जमाने से लैपटॉप सभी की जरूरत है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में इसका विशेष योगदान है। इसका फायदा कैरियर बनाने में मिलेगा। - अमनदीप कौर

नई दिशा मिलेगी
मुझे होम डिजाइनिंग का शौक है। लैपटॉप के माध्यम से नई-नई डिजाइन तैयार करूंगी। इससे कैरियर को नई दिशा मिलेगी।
- जीनत बी
एक बड़ी उपलब्धि
इंटरनेट के लिए अब कैफे पर नहीं जाना पड़ेगा। एक साथ इतने लैपटॉप का वितरण एक बड़ी उपलब्धि है। सरकार ने अपना वायदा पूरा कर लिया।
- यश माथुर

शिक्षा में आसानी होगी
सबसे पहले लैपटॉप पाकर बहुत खुशी हुई है। डेढ़ साल बाद यह मिला है। इससे शिक्षा में बहुत आसानी होगी, क्यों कि हर जगह कंप्यूटर शिक्षा मांगी जाती है।
- उमेश
पूरी हुई हसरत
घर जाने की बहुत जल्दी हो रही है, सुबह से इसे पहले पाने की काफी हसरत थी, जो अब पूरी हुई है। सरकार ने यूथ बिग्रेड को तकनीकी शिक्षा से जोड़ा है।
- तनवी

रक्षाबंधन से पहले अखिलेश का भाई-बहनों को प्यार
पीलीभीत। सावन, तीज, नागपंचमी, रमजान, ईद, स्वाधीनता दिवस और रक्षाबंधन सब इस महीने में संपन्न हो रहे हैं। हर पर्व पर एक-दूसरे को प्रेम और स्नेह देने का सिलसिला जारी है, तो मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रक्षाबंधन पर अपने छोटे भाई-बहनों के लिए उपहार और प्यार के रूप में लैपटॉप दिया है। मंच पर पंचायतराज मंत्री बलराम सिंह यादव ने छात्राओं को विशेषकर रक्षाबंधन की बधाईयां दी।

कार्यक्रम में श्री यादव ने कहा कि इस तोहफे में विशेषकर अखिलेश की बहनों की संख्या अधिक है, क्योंकि कार्यक्रम में 671 छात्रों के सापेक्ष 1241 छात्राएं है। भाई- बहनों की तकनीकी शिक्षा के लिए अखिलेश ने तो आज वादा पूरा कर लिया, लेकिन अभी भाईयों के लिए नौकरी और बहनों की विदाई का भी इंतजाम करना अभी बाकी है। अखिलेश ने भाईयों को सरकारी नौकरी दिलाने के लिए ग्राम पंचायत अधिकारी 27000, ग्राम विकास अधिकारी 26000 और साढ़े छह हजार लेखपाल की भर्ती जल्द निकाली जाएगी। जिले के 3542 छात्र-छात्राओं को जल्द ही लैपटॉप दिए जाएंगे, क्योंकि बीसलपुर, पूरनपुर तहसीलों में खेप पहुंच गई है। सरकार की लैपटॉप, हमारी बेटी उसका कल, पढ़े बेटियां बढ़े बेटियां, कन्या विद्या धन योजना शिक्षा के क्षेत्र में हर मुकाम पर आगे आ रही है। धरातल पर इसके सकारात्मक परिणाम साफ दिखाई दे रहे है। इसे लेकर सभी अपने चेहते अखिलेश भइया को फेसबुक पर बधाईयां दे सकते है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed