पीलीभीत। बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित किए जा रहे अंग्रेजी माध्यम के मॉडल स्कूलों में शिक्षक बनने को 251 शिक्षकों ने साक्षात्कार में हिस्सा लिया, जबकि 44 शिक्षक गैरहाजिर रहे। शासन के निर्देश पर जिले में एक अप्रैल से 55 प्राथमिक और आठ उच्च प्राथमिक विद्यालयों को अंग्रेजी माध्यम से संचालित किया जा रहा है। इन स्कूलों में शिक्षक चयन को लेकर मार्च में प्रक्रिया शुरू की गई थी। 26 मार्च को लिखित परीक्षा हुई। जिसमें 349 शिक्षकों ने भाग लिया था। बाद में चुनाव आचार संहिता के चलते शिक्षक चयन प्रक्रिया रोक दी गई थी। इधर चुनाव आचार संहिता समाप्त होते ही शिक्षक चयन प्रक्रिया शुरू कर दी गई। लिखित परीक्षा में सफल हुए 295 शिक्षकों को सोमवार को साक्षात्कार के लिए बुलाया। ब्लॉक संसाधन केंद्र मरौरी में पांच सदस्यीय कमेटी के समक्ष शिक्षकों ने पहुंचकर साक्षात्कार दिया। साक्षात्कार प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शाम साढ़े चार बजे तक चली। बीएसए ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के लिए 205 शिक्षकों ने आवेदन किया था। जिसमें 173 शिक्षकों ने भाग लिया, जबकि 32 शिक्षक गैरहाजिर रहे। वहीं उच्च प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक पद के लिए 39 शिक्षकों ने साक्षात्कार दिया, छह शिक्षक गैरहाजिर रहे। प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक पद के लिए 29 ने साक्षात्कार दिया, वहीं छह शिक्षक गैरहाजिर रहे। कमेटी में डायट प्राचार्य पन्नाराम गुप्ता, बीएसए देवेंद्र स्वरूप सचान, खंड शिक्षा अधिकारी शिवेंद्र वर्मा, जीजीआईसी की प्रधानाचार्य बबितारानी और विषय विशेषज्ञ निर्मला गंगवार शामिल रहीं।