पीलीभीत। गांधी स्टेडियम में कस्तूरी महोत्सव के अंतर्गत जिला क्रीड़ा विभाग की ओर से फुटबॉल, किक्रेट आदि प्रतियोगिताएं कराई गई। जिसमें विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने प्रतिभाग किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी राजकुमार ने बताया कि फुटबॉल प्रतियोगिता में आठ टीमों ने प्रतिभाग किया। पहला मैच सेंट एलॉयसियस और लायंस बाल विद्या मंदिर के बीच खेला गया। जिसमें सेंट एलॉयसियस ने लायंस बाल विद्या मंदिर को 3-0 से हराया। दूसरा मैच में एफसी को गांधी स्टेडियम ट्रेनीज ने 3-0, तीसरे मैच में यंग स्टार क्लब ने अशोक एफसी को 4-0 और चौथे मैच में मून ब्वॉय क्लब ने किंग्स को 2-0 से हराया। क्रिकेट प्रतियोगिता में 28 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। जिसमें बॉलिंग टेस्ट में दो खिलाड़ियों ने 10-10 अंक प्राप्त किये। इसके अलावा 1600 मीटर सीनियर वर्ग रेस प्रतियोगिता में शमून मलिक, हैप्पी, श्यामा चरण, 400 मीटर बालिक वर्ग में कान्ती देवी, पायल वर्मा, मनप्रीत कौर क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे। हॉकी प्रतियोगिता सीनियर और जूनियर वर्ग के बीच हुई। जिसमें सीनियर टीम ने जूनियर टीम को 5-3 से पराजित किया। हॉकी प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को एसीएमओ वीबी राव, जय प्रकाश सैनी, हाजी अमजद अली ने पुरस्कृत किया। इस मौके सुदेश कुमार, डॉ. नदीम, अयूब, आभा, विमला, अफताब, खामिद भी उपस्थित रहे। फुटबॉल प्रतियोगिता में विनीत मौर्या, कबीरन, कपिल देव, त्रिमोहन, भीम सिंह आदि मौजूद रहे। जिला क्रीड़ा अधिकारी राजकुमार ने बताया कि फाइनल मैच सोमवार को होगा।