वाल्मीकि समाज ने किसान आंदोलन को दिया समर्थन
मुजफ्फरनगर, भौराकलां/सिसौली। वाल्मीकि समाज के लोगों ने भाकियू युवा नेता गौरव टिकैत से मिल कर गाजीपुर में चल रहे किसान आंदोलन को समर्थन दिया है।
वाल्मीकि समाज के चौधरी योगेश वाल्मीकि के नेतृत्व में सिसौली के किसान भवन में वाल्मीकि समाज के लोगों ने बुधवार को युवा नेता गौरव टिकैत से मुलाकात कर किसान आंदोलन को समर्थन देने की बात कही। उन्होंने कहा कि किसान गाजीपुर बॉर्डर पर शांति पूर्वक कृषि कानूनों के विरोध में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। भाजपा नेता अमित वाल्मीकि व भाकियू कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प सरकार की सोची समझी साजिश है। सरकार षड्यंत्र रच कर समाज में द्वेष भावना फैला रही है। षड्यंत्र को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। युवा नेता गौरव टिकैत ने कहा कि भाकियू सर्व समाज के हित में किसान मजदूर की लड़ाई लड़ रही है। सर्व समाज के किसान आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। इस दौरान ओमपाल वाल्मीकि, राजपाल वाल्मीकि, भालेराम वाल्मीकि, संतरा वाल्मीकि, कालू आदि मौजूद रहे।