UP: नहीं सुनी होगी मिर्च और बैंगन की चोरी, तीन लाख रुपये की सब्जियां लेकर फरार हुए चोर, ऐसे की वारदात
मुजफ्फरनगर जनपद की नवीन मंडी में रविवार रात पिकअप सवार चोर मिर्च बैगन समेत तीन लाख रुपयये की सब्जियां चुरा कर ले गया।
विस्तार
मुजफ्फरनगर जनपद की नवीन मंडी में रविवार रात पिकअप सवार एक व्यक्ति दो आढ़त के बाहर लगी सब्जी व प्याज, लहसुन से लदे तीन लाख रुपये कीमत के बोरे चोरी कर ले गया। सुबह के समय पता चलने पर काफी व्यापारी एकत्र हो गए। पुलिस ने भी पहुंच कर जांच पड़ताल की।
नवीन मंडी में सब्जी आढ़ती अपने दुकानों के बाहर व अंदर सब्जी आदि सामान रखते है। मंडी में मजदूरी करने वाले लोग भी वहां सो जाते है। रविवार रात में लगभग डेढ़ बजे पिकअप लेकर एक व्यक्ति इंडिया फ्रूट एंड वेजीटेबल व व्यापारी शंकर दशरथ के गोदाम से लहसुन, प्याज, मिर्च, बैंगन, के डेढ़ दर्जन से अधिक बोरे व पेटी चोरी कर ले गया।
यह भी पढ़ें: Murder in Meerut: बीच सड़क पर नाना को चाकू से गोदता रहा नाती, चिल्लाते रहे बुजुर्ग और वीडियो बनाते रहे लोग
व्यापारियों ने घटना पर रोष जताया। नई मंडी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जानकारी ली। व्यापारियों ने पुलिस को सीसीटीवी की फुटेज भी दिखाई। वीडियो में एक व्यक्ति सब्जी के बोरे पिकअप में रखता हुआ दिखाई दे रहा है।
व्यापारी विकास व शंकर दशरथ ने पुलिस को तीन लाख का नुकसान होना बताया। पुलिस को तहरीर दी है। सीओ खतौली राम आशीष यादव ने बताया कि मामले में जांच व कार्रवाई शुरू कर दी है।
गेट खुले होने का उठाया फायदा
पुलिस का कहना है कि सब्जी मंडी वाला गेट रात में भी खुला रहता है। वहां पर दिल्ली व अन्य क्षेत्रों से रात में व्यापारी माल लेकर आते रहते है। पिकअप में सामान चोरी कर ले जाना सब्जी मंडी के बारे में जानकारी रखने वाला प्रतीत हो रहा है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पिकअप व चालक की तलाश शुरू कर दी है।