भौराकलां। किसान संगठन तमिलनाडु फार्मर टावर एसोसिएशन का तीन सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने शुक्रवार को सिसौली स्थित किसान भवन में भाकियू के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत व राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने देश प्रदेश के किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की।
किसान नेता नल्लागोंडा, पोन्नइन, ईशन ने सिसौली पहुंचकर किसान भवन में स्थित कर्नाटक के किसान नेता नजुनड्डा स्वामी, चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत व पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। किसान नेताओं ने चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत के साथ किसानों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की। बताया कि किसानों के खेतों के ऊपर से गुजरने वाली विद्युत हाई टेंशन लाइन के लिए तमिलनाडु सरकार से मुआवजे की लड़ाई लड़ी जा रही है। किसानों की मांग है कि विद्युत विभाग हाई टेंशन लाइन को सड़क के किनारे जमीन में नीचे दबाए या किसानों को जमीन का मासिक किराया दे। दक्षिण भारत के किसान अत्यंत गरीब है। फसलों की सिंचाई की समस्या है। तीनों किसान नेताओं ने चौधरी नरेश टिकैत के आवास पर स्थित किसान मसीहा चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत द्वारा किए गए विभिन्न किसान आंदोलन के चित्रों की प्रदर्शनी व अखंड ज्योति को भी देखा। भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने किसान नेताओं का भाकियू द्वारा किए गए आंदोलनों में हिस्सा लेने व किसान भवन सिसौली आगमन के लिए आभार व्यक्त किया तथा कहा भाकियू हमेशा देश के प्रत्येक किसान के हित में लड़ाई लड़ने को तैयार है। इस मौके पर गौरव टिकैत, हरेंद्र सिंह ,फूल सिंह, रोहित आदि उपस्थित रहे।