खेतों पर जाकर करेंगे गन्ना सर्वे कार्य
मुजफ्फरनगर, रोहाना। गन्ना पर्यवेक्षक खेतों पर जाकर सर्वे का कार्य करेंगे। सर्वे का कार्य 15 मई से शुरू हो गया है। सहकारी गन्ना विकास समिति में जिला गन्ना अधिकारी आरडी द्विवेदी की अध्यक्षता में वर्ष 2020-21 की कार्य योजना के लिये गन्ना सर्वेक्षण की बैठक संपन्न हुई।
बैठक में रोहाना मिल के गन्ना प्रबंधक नरेश मलिक, देवबंद मिल के प्रतिनिधि बीएस तोमर, थानाभवन मिल के प्रतिनिधि दिनेश, खाइखेड़ी मिल के प्रतिनिधि संजीव, तितावी मिल के प्रतिनिधि डीपी सिंह और रोहाना समिति के ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक विनोद कुमार, सचिव शशि प्रकाश आदि उपस्थित रहे। सर्वेक्षण बैठक में जिला गन्ना अधिकारी ने निर्देश दिए कि गन्ना सर्वे में दो हेक्टेयर से ऊपर जमीन वाले किसानों की जांच होगी। जो किसान अपनी जमीन के अभिलेख उपलब्ध कराएगा, उसी का आगामी पेराई सत्र में सट्टा चालू होगा। समिति में नए सदस्य बनने वाले किसानों की रसीद कटने से पूर्व जांच होगी। उसके बाद रसीद कटेगी। मृतक, भूमिहीन, डबल, फर्जी बांड बंद वाले किसानों का सर्वे में गन्ना नहीं चढ़ाया जाएगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया गन्ना सर्वे में किसी भी प्रकार की खामियां पाई गई तो गन्ना पर्यवेक्षकों के विरुद्ध करवाई होगी।