बुढ़ाना। डीएवी डिग्री कॉलेज के विद्यार्थियों ने हैदराबाद की डॉ. बिटिया की हत्या करने के विरोध में मौन जुलूस निकाला। विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति के नाम का ज्ञापन उपजिलाधिकारी का दिया और आरोपियों को उसी शहर के चौराहे पर फांसी देने की मांग की।
डीएवी डिग्री कॉलेज के सैकड़ों छात्र- छात्राएं हैदराबाद में हुई हैवानियत के विरोध में बृहस्पतिवार को सड़क पर आ गए और कस्बे में मौन जुलूस निकाला। विभिन प्रकार के स्लोगन लिखी तख्तियां और मुंह पर काली पट्टी बांधकर विद्यार्थी मुख्य मार्ग से होते हुए तहसील मुख्यालय पहुंचे। उनके बीच उपजिलाधिकारी कुमार भूूपेंद्र भी पहुंच गए, जिन्हें छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया है कि हैदराबाद की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। देश अभी तक निर्भया कांड को भूल भी नही पाया कि एक बार फिर उसकी पुनरावृत्ति हो गई। ऐसे दरिंदों को उसी शहर के चौराहे पर लटका कर फांसी की सजा दी जाए। उनकी लाश को कुत्तों के हवाले कर दिया जाए। ज्ञापन में राष्ट्रपति से ऐसी घटनाओं में सख्त कानून बनवाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार, प्रवक्ता डॉ. संगीता चौधरी, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. राजीव कुमार व शिवराज सिंह सहित विद्यालय के सभी प्रवक्ता मौजूद रहे।