सीबीएसई की परीक्षा में एक मीटर दूर बैठे छात्र
मुजफ्फरनगर। सीबीएसई का कक्षा दस का अंतिम पेपर कोरोना वायरस के चलते बड़ी सावधानी के बीच हुआ। छात्र-छात्रा एक मीटर से अधिक की दूरी पर बैठे। एक कमरे में केवल 12 परीक्षार्थी ही परीक्षा में शामिल हुए। हाथ धोने के बाद ही परीक्षा कक्ष में एंट्री दी गई।
हाईस्कूल के अंतिम पेपर को लेकर सीबीएसई ने कोरोना वायरस के चलते अलग से दिशा-निर्देश जारी किए थे। सभी सीबीएसई के स्कूलों में जहां परीक्षा केंद्र है, निर्देशों का पालन किया गया। शहर के एसडी पब्लिक, एमजी पब्लिक, शारदेन, होली एंजिल्स आदि स्कूलों में सीबीएसई के निर्देश पर एक परीक्षा कक्ष में केवल 12 परीक्षार्थी ही बैठाए गए। छात्रों में एक मीटर से अधिक की आपसी दूरी रखी गई। सबसे बड़ी बात यह रही कि ज्यादातर स्टूडेंट मास्क लगाकर पहुंचे। सभी परीक्षार्थी साबुन से हाथ धोने के बाद ही परीक्षा कक्ष में एंट्री कर पाए। प्रधानाचार्य आजादवीर का कहना है कि सभी स्कूलों में सीबीएसई के निर्देशों का पालन किया गया। हाईस्कूल का अंतिम पेपर एसएसटी का था। शारदेन स्कूल में पेपर देकर बाहर निकली छात्राएं जसप्रीम, खुशी, हिमानी, खुशी गोयल आदि छात्र-छात्राओं ने पेपर को लेकर बताया कि सभी का अच्छा हुआ है।